Press "Enter" to skip to content

बिना पार्किंग के दर्जनों अवैध मैरिज हाउस व गार्डन का हो रहा संचालन | Shivpuri News

हाईकोर्ट के निर्देश की अनदेखी करने वालों के खिलाफ प्रशासन नहीं कर रहा कार्यवाही

शिवपुरी। हाईकोर्ट द्वारा मैरिज हॉल और शादी घरों के संचालन में निर्धारित गाइड लाइन अनुसार इसका पालन करने के निर्देश दिए गए हैं लेकिन इस गाइड लाइन का कोई पालन नहीं हो रहा है। स्थिति यह है कि शहर में दो दर्जन से ज्यादा मैरिज हॉल बिना परमिशन के चल रहे हैं। नगर पालिका को परमिशन देने के लिए अधिकृत किया गया था। शहर में मुश्किल से एकाददर्जन ही मैरिज हॉल संचालक ही ऐसे निकलेंगे जिनके द्वारा विधिवत कागज जमा कर परमिशन ली है। शेष मैरिज हॉल संचालक अवैध रूप से चल रहे हैं। इन पर प्रशासन की कोई रोक नहीं है। नियमों को ताक पर रख चल रहे इन मैरिज हॉल के बाहर पार्किंग न होने से जाम लग रहा है। रोड पर निकलने वाली बारातों से जनता परेशान है। मजे की बात यह है कि इन मैरिज गार्डन में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का भी उपयोग किया जाता है जिनमें डीजे आदि शामिल हैं। जिसके लिए एसडीएम से अनुमति लेना अनिवार्य होता है लेकिन गार्डनों में इस प्रक्रिया का भी पालन नहीं किया जाता। रिहायशी इलाकों में संचालित होने की वजह से मैरिज गार्डन में होने वाले कोलाहल के कारण आसपास के लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जबकि हिरायशी बस्तियों में मैरिज गार्डन संचालित नहीं किए जा सकते। इसके अलावा मैरिज हॉल पर खाद्य पदार्थों के अपशिष्ट प्रबंधन के लिए भी कोई उपाय नहीं किए जा रहे हैं। 
शादी समारोह में मांगते हैं मोटी रकम
शहरवासियों का कहना है कि शादी समारोह या अन्य कार्यक्रम के लिए यह मैरिज गार्डन संचालक मोटी रकम तो वसूलते हैं, लेकिन इनमें सुविधाएं कोई भी नहीं हैं। एक एक शादी के लिए गार्डन संचालक 1 लाख से डेढ़ लाख रुपए तक वसूलते हैं, लेकिन इनमें न तो सुरक्षा का ख्याल रखा जाता है और न ही इनके पास पार्किंग है। जिससे आए दिन जाम लगता है।
नहीं हैं सुरक्षा के मानक उपकरण
मैरिज हॉल में दो गेट होना चाहिए। फायर इक्युपमेंट भी होना चाहिए, लेकिन ी मैरिज हॉल में सुुरक्षा के मानकों का ध्यान नहीं रखा गया है। यहां पर न तो अग्निशमन यंत्र और न ही आपातकालीन गेट जिससे किसी भी हादसे के दौरान लोग सुरक्षित बाहर निकल सकें।

नहीं हैं सुरक्षाकर्मी, शादियों में हो रही चोरियां
शादी समारोह के दौरान सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाना चाहिए, लेकिन शहर में संचालित तमाम मैरिज गार्डनों में कोई भी सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं हैं। इसलिए शादी समारोह के दौरान आने वाले लोगों के गहने, बाइक सहित अन्य सामान चोरी हो जाता है। विगत महीने एक शादी समारोह में से चोरों ने महिला के गहने चोरी कर लिए थे।
नहीं लगे हैं सीसीटीवी कैमरे
मैरिज हॉलों में सीसीटीवी कैमरा लगा होना चाहिए, लेकिन शहर में संचालित अधिकांश मैरिज हॉल में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं, जिससे किसी भी दिन कोई बड़ी वारदात को कोई बदमाश अंजाम देकर आसानी से भाग सकते हैं।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!