
शिवपुरी। कोतवाली क्षेत्र के अग्रवाल धर्मशाला के पास रहने वाले एक युवक ने अपनी पत्नि के साथ जमकर मारपीट कर दी, क्योंकि पति के काम न करने के कारण घर चलाने के लिए वह दूसरों के यहां खाना बनाने जाती थी और इसी बात पर पति ने ऐतराज जताते हुए उसे खाना बनाने से रोक दिया, लेकिन जब पत्नि ने घर की माली स्थिति का हवाला देकर पति को निकम्मे कहा तो नाराज पति ने उसकी पिटाई लगा दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ भादवि की धारा 294, 323, 506 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी काली बाथम पुत्र गोपाल बाथम निवासी अग्रवाल धर्मशाला के पास अपनी पत्नि गीताबाई के साथ निवास करता है, लेकिन आरोपी कोई भी रोजगार नहीं करता जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति काफी खराब है। पति के काम न करने के कारण गीताबाई स्वयं ही लोगों के घरों में जा जाकर खाना बनाती है और अपने परिवार का भरण पोषण करती है, लेकिन आरोपी काली को गीता का यह काम करना पसंद नहीं है जिस कारण वह आए दिन उसके साथ झगड़ा करता है। कल सुबह जब गीता घर से खाना बनाने के लिए निकल रही थी तभी आरोपी ने उसे रोक लिया और उसे खाना बनाने नहीं जाने दिया। जब गीता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे गालियां देनी शुरू कर दी। बाद में उसकी मारपीट की और उसे धमकी दी कि अगर उसने घर से एक कदम भी बाहर निकाला तो वह उसे जान से मार देगा।






Be First to Comment