Press "Enter" to skip to content

सड़क, पानी और धूल की समस्या से जूझ रहे वार्ड 27 के नागरिकों का विरोध प्रदर्शन | Shivpuri News

बैनर लगाकर चुनाव का बहिष्कार करने की दी चेतावनी 
शिवपुरीे। विष्णु मंदिर कॉलोनी में रहने वाले दो दर्जन युवाओं ने सोमवार को वार्ड की सड़क, पानी और धूल की समस्या को लेकर बैनर लगाकर सड़क पर उतर आए और आगामी लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने की चेतावनी दी। युवाओं द्वारा बनाए गए बैनर में लिखा गया कि सड़क, पानी नहीं तो वोट नहीं। साथ ही नीचे लिखा गया कि कोई भी प्रत्याशी वोट मांगकर अपना एवं हमारा समय बर्बाद न करें। वार्ड नम्बर 27 के निवासी विष्णु मंदिर की पुलिया की ऊंचाई बढ़ाने का भी विरोध कर रहे हैं, क्योंकि बरसात के समय में पुलिया की ऊंचाई बढ़ाए जाने से नालियों का गंदा पानी कॉलोनी में भरेगा। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि जिला और नपा प्रशासन की अनदेखियों के कारण एक व्यक्ति विशेष ने नाला पाटकर  प्लॉट बना लिया है जिसका निर्माण भी जारी है ऐसी स्थिति में आने वाली बारिश में जल निकासी नहीं हो सकेगी और गंदा पानी उनके घरों में भरेगा। इसके अलावा सीवर की खुदाई कर वहां के नल कनेक्शन भी तोड़ दिए गए हैं साथ ही खुदाई के बाद सड़क का निर्माण भी नहीं कराया गया है जिससे धूल उड़ रही है जिसका असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। इन्हीं सब समस्याओं को लेकर उन्होंने यह विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि नपा उनकी इन समस्याओं का समाधान करे और नाला पाटकर प्लॉट बनाने वाले पर कार्यवाही करे। साथ ही पुलिया को ऊंचा कराने का कार्य भी रोका जाएं। अगर ऐसा नहीं हुआ तो वह आगामी लोकसभा चुनाव में चुनाव का बहिष्कार करेंगे और किसी भी प्रत्याशी को वार्ड में नहीं घुसने देंगे।
पानी का टैंकर खुदी पड़ी सड़क में फंसा
विष्णु मंदिर कॉलोनी में पेयजल का भीषण संकट है जहां नल न आने के कारण लोग पानी के टैंकरों से अपना काम चला रहे हैं, लेकिन वहां हुई सीवर खुदाई के बाद सड़क का धंसकने के कारण कल वहां पानी लेकर जा रहा एक टैंकर का पहिया फंस गया जिससे टैंकर का पानी फैल गया और बमुश्किल टैंकर को बाहर निकाला गया जिस कारण टैंकर मंगाने वाले व्यक्ति को आधे टैंकर का पूरा भुगतान करना पड़ा। साथ ही सड़क की हालत को देखकर अब वहां कोई भी टैंकर संचालक अपना टैंकर भेजने के लिए राजी नहीं है जिससे वार्ड में पानी की समस्या काफी गंभीर हो गई है। 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!