Press "Enter" to skip to content

व्यक्ति या पार्टी का नहीं, यह देश की दिशा तय करने वाला चुनाव है: शिवराजसिंह चौहान | SHIVPURI NEWS

पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा-सरकार ने वादे पूरे नहीं किए, तो ईंट से ईंट बजा देंगे

शिवपुरी। यह लोकसभा चुनाव अलग तरह का है। ये किसी व्यक्ति या पार्टी का चुनाव नहीं है, बल्कि यह देश की दिशा तय करने वाला चुनाव है। इस चुनाव में एक तरफ वो लोग हैं, जो देशद्रोह का कानून समाप्त करना चाहते हैं, दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी है, जो कश्मीर से धारा 370 को खत्म करना चाहती है। इसलिए इस बार भी नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है और देश एवं प्रदेश का भविष्य उज्जवल बनाना है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने बुधवार को पोहरी, कोलारस में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। वादे पूरे नहीं किए, तो ईंट से ईंट बजा देंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मैं दिल्ली नहीं जाउंगा। यहीं मध्यप्रदेश में रहकर अपने प्रदेश की जनता की सेवा करूंगा और अपने कार्यकर्ताओं के साथ सरकार से लड़कर संघर्ष करूंगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनता के साथ छलावा किया है। सरकार ने यदि प्रदेश की जनता के साथ किए गए वादे पूरे नहीं किए तो इस सरकार की ईंट से ईंट बजा दूंगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ये कांग्रेस के लोग झूठे वादे करके प्रदेश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। वे समझ रहे हैं कि अब शिवराजसिंह चौहान मुख्यमंत्री नहीं है, लेकिन डरने की बात नहीं है। मैं भले ही मुख्यमंत्री नहीं हूं, दुबला-पतला हूं, लेकिन कमजोर नहीं हूं। उन्होंने कहा कि टाइगर अभी जिंदा है।
प्रताडऩा से नहीं डरेंगे भाजपा कार्यकर्ता
श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस की सरकार हमारे कार्यकर्ताओं को प्रताडि़त कर रही है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता प्रताडऩा से नहीं डरने वाले। उन्होंने चेतावनी दी की अगर हमारे कार्यकर्ताओं को प्रताडि़त किया, तो हम सरकार का डटकर मुकाबला करेंगे। उन्होंने कहा कि विरोधियों को दबाकर चुनाव जीतना और शासन करना कांग्रेस का संस्कार रहा है, लेकिन हम इसे चलने नहीं देंगे। योजनाएं बंद कर दीं, अब गरीबों का पैसा खा रहे। श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने आदिवासी और गरीबों की भलाई के लिए हमारी सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाएं बंद कर दीं। इन्होंने संबल जैसी योजना को भी बंद कर दिया, जिसमें हम गरीबों को इलाज के लिए पैसे देते थे, अंतिम संस्कार के लिए पैसे देते थे, सस्ती बिजली देते थे। लेकिन इनको ये सब रास नहीं आया और अब इनके नेता गरीबों के हक का पैसा खुद खाने में लगे हुए हैं। 
मोदी जी ही दे सकते हैं आतंकियों को जवाब
श्री चौहान ने कहा कि पहले जब देश पर आतंकी हमले होते थे तो कांग्रेस सरकार के प्रधानमंत्रियों के मुंह तक नहीं खुलते थे, लेकिन जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं उन्होंने आतंकवाद का जवाब उनकी ही स्टाइल में दिया है। हमारी सेनाओं ने आतंकवादियों को पाकिस्तान में घुसकर मारा है। उन्होंने कहा कि देश से आतंकवाद को समाप्त करने के लिए श्री नरेंद्र मोदी को फिर प्रधानमंत्री बनाना है। उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री बनेंगे तो देश से आतंक का अंत होगा और गरीबों, किसानों, युवाओं को उनके अधिकार मिलेंगे।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!