
रेडक्रास दिवस पर 22 समाजसेवी संस्थाऐं और 255 रक्तदाताओं को स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र प्रदान कर किया सम्मानित
शिवपुरी- मनुष्य का यह पहला दायित्व है कि वह अपने जीवन में मानवसेवा कार्य जरूर करें और ऐसे में रक्तदान से बड़ी सेवा क्या हो सकती है जिसमें दिए जाने वाले रक्त से हम किसी अन्य व्यक्ति का जीवन बचा सकते है, जाति-धर्म से कहीं ऊपर हमारा रक्तदान कर अपना मानव धर्म निभाते है इसलिए यह पुण्य कार्य अवश्य करें, इन रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं का सम्मान करना भारतीय रेडक्रास सोसायटी का अनुकरणीय कार्य है निश्चित रूप से इस कार्य से प्रभावित होकर अन्य लोग भी आऐंगें और रक्तदान में बढ़-चढ़कर भाग लेंगें। उक्त उद्गार प्रकट किए आईटीबीपी संस्थान के डीआईजी राजकिशोर शाह ने जो स्थानीय कल्याणी धर्मशाला परिसर में भारतीय रेडक्रास सोसायटी के दिवस पर आयोजित रक्तदान सम्मान समारोह कार्यक्रम को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों में सीएमएचओ डॉ.ए.एल.शर्मा, सिविल सर्जन डॉ.गोविन्द सिंह, प्रांतीय प्रतिनिधि आलोक एम.इन्दौरिया, रेडक्रास चेयरमैन दीवान अरविन्द लाल, रेडक्रास सचिव डॉ.सी.पी.गोयल, कोषाध्यक्ष सुरेश बंसल, आईटीबीपी के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ.विनोद कुमार मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरूआत सर्वप्रथम सर हेनरी ड्यूनांट के चित्र पर माल्यार्पण किया गया तत्पश्चात स्वागत भाषण रेडक्रास संस्था के रामशरण अग्रवाल द्वारा दिया गया। कार्यक्रम में अपने विचार रखते हुए प्रांतीय प्रतिनिधि आलोक एम.इन्दौरिया ने रेडक्रास सोसायटी को साधुवाद देते हुए कहा कि आज समाज को दो चीजों की प्रमुख आवश्यकता है एक समयदान और दूसरा रक्तदान, यदि परिवार और समाज को खुश रखना है तो अपने काम व्यावसाय के अलावा समयदान जरूर करें जो कि ज्यादातर हम नहीं करते और यदि समाज का ध्यान रखना है तो रक्तदान अवश्य करें ताकि इसे लेकर जो कुरीतियां और भ्रांतियां फैली है उन्हें दूर किया जा सके, शिवपुरी में रक्तदान के क्षेत्र में जो काम चल रहा है वह सारे देश में शिवपुरी में सबसे अलग हटकर है, इसके स्वेच्छा से रक्तदान के लिए जो व्यवस्थाऐं है ऐसी व्यवस्थाऐं देश में अन्य जगह देखने में कम ही आता है। कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ.ए.एल.शर्मा ने अपने विचारों के माध्यम से कहा कि रक्तदान आज समाज की महती आवश्यकता है और अभी भी इस क्षेत्र में कार्य करने की काफी आवश्यकता है हमारा प्रयास है कि हम स्वास्थ्य विभाग और रेडक्रास के साथ मिलकर एक बड़े रक्तदान शिविर का आयोजन करेंगें, डॉ.शर्मा ने आगे कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से रेडक्रास के इस हॉल में आगामी भविष्य में ए.सी.लगवाकर रक्तदाताओं को राहत देने के लिए कार्य किया ताएगा ताकि हमारे रक्तदाताओं को गर्मी का सामना ना करना पड़े, डॉ.शर्मा की इस घोषणा का सदन द्वारा करतल ध्वनि के साथ किया गया। डॉ.सिविल सर्जन ने रेडक्रास के जनक सर हेनरी ड्यूनांट के जीवन पर विस्तृत प्रकाश डाला और किस प्रकार से उन्होंने अपने जन्मदिन के अवसर पर भारतीय रेडक्रास की स्थापना की इसे लेकर उपस्थित सदन को बताया। कार्यक्रम में रेडक्रास संस्था के द्वारा किए जाने वाले कार्यों पर संस्था सचिव डॉ.सी.पी.गोयल ने प्रकाश डाला। रेडक्रास दिवस पर आयोजित रक्तदाता सम्मान समारोह में 22 समाजसेवी संस्थाओं को उनके द्वारा 10 यूनिट से अधिक रक्तदान करने पर सम्मानित कियागया जबकि वर्ष में दो बार रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं में 210, तीन बार रक्तदान करने वालों में 30 रक्तदाताओं को व 14 रक्तदाताओं को चार बार रक्तदान के लिए सम्मानित किया गया इस प्रकार कुल 255 रक्तदाताओं व ब्लड बैंक में कार्यरत टीम को भी स्मृति चिह्न एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर रेडक्रास सोसायटी द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन एस.के.एस.चौहान ने जबकि आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष सुरेश बंसल द्वारा व्यक्त किया गया। इस अवसर पर रेडक्रास सोसायटी के कार्यकारिणी सदस्यों में नंदकिशोर ढींगरा, यशवंत जैन, डा.दिनेश जैन, शरद जावड़ेकर, मिलापचंद विरमानी, प्रदीप जैन, डॉ.आर.पी. सिसौदिया, अरविन्द जैन आदि सहित अन्य शहर के गणमान्य नागरिक, प्रबुद्ध जन एवं पत्रकार बन्धु मौजूद थे।






Be First to Comment