Press "Enter" to skip to content

वोटर लिस्ट में गड़बड़ी, जिंदा मतदाता को बता दिया मृत | SHIVPURI NEWS

*मतदाता सूची से कर दिया नाम गायब*


– *विधानसभा चुनाव में वोट डाला अब सूची से नाम गायब*


शिवपुरी। शिवपुरी जिले में रविवार को होने वाले लोकसभा चुनाव के मतदान से पहले मतदाता सूची में गड़बड़ी के मामले सामने आ रहे हैं। शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड राजीव नगर में रहने वाले एक मतदाता दीपक चतुर्वेदी का नाम मृत बताकर सूची से डिलीट कर दिया गया। जबकि दीपक चतुर्वेदी ने नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव में वोट डाला था लेकिन अब उसे मृत बताकर उसका सूची से नाम ही हटा दिया गया है। शहर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाले दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि वोटर लिस्ट के काम से जुड़े बीएलओ व अन्य अधिकारियों की लापरवाही के चलते वह रविवार 12 मई को लोकसभा चुनाव के लिए अपना वोट नहीं डाल पाएंगे। दीपक चतुर्वेदी का कहना है कि उन्हें मृत बताकर के उनका नाम सूची से गायब कर दिया गया। लोकसभा चुनाव से पहले शिवपुरी शहर की वोटर लिस्ट एकाएक विवादों में है। सिद्धेश्वर कॉलोनी में भी कई मतदाताओं के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर जोड़ दिए गए हैं। इसके कारण मतदाताओं को रविवार को परेशान होना तय है। जिले में इससे पहले कोलारस उपचुनाव के समय भी मतदाता सूची विवादों में रही थी जिसमें 5 से 9 हजार तक फर्जी वोटरों के नाम जोड़ दिए गए थे। जिसके कारण तत्कालीन कलेक्टर तरूण राठी पर ट्रांसफर की गाज गिरी थी।

दुखी वोटर ने की शिकायत किसी ने नहीं दिया ध्यान

शहर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाले दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि सबसे बड़ी विसंगति यह है कि वोटर लिस्ट में उनके परिवार के अन्य सदस्यों के नाम हैं लेकिन उनका नाम ही मृत बताकर काट दिया गया। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव पांच साल में आते हैं लेकिन वह प्रशासनिक लापरवाही की बजाए से लोकतंत्र के इस महापर्व में वोट नहीं डाल पाएंगे। उन्होंने बताया कि इसकी उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को भी शिकायत की लेकिन किसी ने कोई सुनवाई नहीं की।

बेंडर की गलती बताकर झाड़ा पल्ला

जब इस संबंध में हाउसिंग बोर्ड के बीएलओ गणेश प्रसाद शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि दीपक चतुर्वेदी का नाम उनकी गलती से नहीं कटा है उसके पीछे बेंडर की गलती रही है। किसी दूसरे फार्म की एंट्री डिलीट करने के फेर में दीपक का नाम सूची से हट गया। उन्होंने कहा कि अब दीपक चतुर्वेदी अपना वोट 12 मई को नहीं डाल पाएंगे। अगली बार जब मतदाता सूची संशोधित होगी तब उनका नाम जुड़ पाएगा।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!