Press "Enter" to skip to content

नई फल मण्डी पर लाखों खर्च फिर भी नपा शिफ्टिंग में नहीं दिखा रही रुचि | Shivpuri News


कोर्ट रोड पर अवैध फल मण्डी के कारण लग रहे हैं जाम, ट्रैफिक प्रभारी ने व्यापारियों को हड़काया 

शिवपुरी। नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह के कार्यकाल मेें नगरपालिका निरंतर जनअपेक्षाओं की कसौटी पर विफल होती जा रही है और गुना लोकसभा सीट के कांग्रेस उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया की हार का यह भी एक प्रमुख कारण है। आश्चर्य की बात तो यह है कि हवाई पट्टी के नजदीक नई फल मण्डी भी बनकर तैयार है, लेकिन नगरपालिका उसका शुभारंभ करने में रूचि नहीं दिखा रही है। जिसके कारण कोर्ट रोड़ पर लगने वाली अवैध फल मण्डी शिवपुरीवासियों का सिरदर्द बनी हुई है। यहां सुबह सुबह जाम लगते हैं जिससे खास तौर पर बसों से स्कूल जाने  वाले बच्चे विशेष रूप से प्रभावित होते हैं और दुर्घटना की आशंका भी निरंतर बनी रहती है। कोर्ट रोड़ की फल मण्डी में लगभग पूरी सड़क पर व्यापारी फलों के टोकरों को सजाते हैं और विरोध करने पर लड़ाई झगड़े तथा मारपीट पर भी उतारू हो जाते हैं। इससे निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक थाना प्रभारी रणवीर सिंह रावत ने कल फल व्यवसायियों को बुलाकर सख्त हिदायत दी कि कोर्ट रोड़ पर ट्रैफिक जाम बर्दाश्त नहीं होगा और यदि अब जाम लगा तो वह सख्त कार्यवाही करेंगे। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार हवाई पट्टी के पास झांसी रोड़ के किनारे 80 लाख रूपए से ज्यादा राशि खर्च कर फल मण्ड बनकर तैयार है, लेकिन नगरपालिका अभी तक यहां बिजली, पानी और बाउण्ड्रीवाल की व्यवस्था भी नहीं कर पाई है। जो कि इस नई मण्डी के शुभारंभ होने में एक बाधा बनी हुई है। शहरवासियों ने कई बार नगरपालिका अध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह को इससे अवगत कराया, लेकिन वह इस कान से सुनकर उस कान से बात निकालते हुए नजर आए और उन्होंने गंभीरता से फल मण्डी शिफ्ट किए जाने की कोई पहल नहीं की। जिसके कारण कोर्ट रोड़ में गल्र्स स्कूल के पास से भारती पुस्तक सदन तक रोजाना सुबह 6 बजे से लेकर 12 बजे तक जमकर जाम लग रहा है, लेकिन नगरपालिका फिर भी बेपरवाह बनी हुई है। परंतु यातायात प्रभारी ने लगातार जाम की स्थिति को देखते हुए फल व्यापारियों को  थाने में बुलाकर नसीहत दी और कहा कि अब यदि जाम लगा तो वह उनके खिलाफ कार्यवाही करेंगे। व्यापारियों ने बताया कि फल मण्डी न लगने के कारण कोर्ट रोड़ पर वह अपना व्यापार कर रहे हैं, लेकिन नगरपालिका नई फल मण्डी का शुभारंभ कर देगी तो वह वहां से चल े जाएंगे तथा ट्रैफिक जाम की समस्या हमशा के लिए समाप्त हो जाएगी। व्यापारियों ने बताया कि नगरपालिका की अनसुनी के बाद वह अब कलेक्टर को अपनी समस्या से अवगत कराएंगे। 

नगरपालिका सुविधा दे तो हम नई मण्डी में जाने को तैयार हैं

फल व्यवसायियों का कहना है कि नई फल मण्डी में न तो बिजली और न ही पानी की व्यवस्था है। बाउण्ड्रीवाल भी नहीं बनी है। वहां न तो आवश्यक सुविधाएं और न ही सुरक्षा के इंतजाम। ऐसी स्थिति में हम वहां कैसे जाएं। लेकिन यदि नगरपालिका सुविधा और सुरक्षा देती है तो हम वहां जाने के लिए तैयार हैं। 

व्यापारियों को हिदायत अपना व्यापार सड़क पर न करें : ट्रैफिक प्रभारी 

यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव ने लगातार जाम की शिकायतें मिलने के बाद कोर्ट रोड़ के व्यापारियों को यातायात थाने तलब किया है जहां एक घंटे तक व्यापारियों से चर्चा की और उन्हें हिदायत दी कि वह अपना कारोबार सड़क पर न करें। रात्रि में यातायात प्रभारी ने कोर्ट रोड़ से लेकर कमलागंज तक सड़कों पर ठेले लगाकर व्यापार करने वाले ठेला चालकों को सड़क से खदेड़ा और सड़कों पर अवैध रूप से वाहन पार्क करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्यवाही की। कई वाहनों की पहियों की हवा निकाली गई तो कईयों को वहां से खदेड़ा गया। व्ही मार्ट के पास लगाए गए ठेलों को हटाया गया। वहीं मस्जिद के सामने मीट का व्यापार करने वाले ठेलों को भी सड़क से हटाने की कार्यवाही की गई साथ ही उन्हें हिदायत दी गई कि अब अगर वह दोबारा इस जगह पर व्यापार करते हुए दिखाई दिए तो उन पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी और उनका सामान भी जप्त कर लिया जाएगा। 


इनका कहना है

बाउण्ड्रीवाल न बनने के कारण फल मण्डी शिफ्ट नहीं हो पा रही है। फल और सब्जी कारोबारी वहां जाने में रूचि नहीं ले पा रहे हैं। बिजली और पानी की व्यवस्था भी नहीं है, लेकिन आपने ध्यान आकर्षित किया है तो मैं इस ओर ध्यान दे पाऊं तथा सीएमओ को मौके पर ले जाकर स्थिति दिखवाता हूं। जल्द से जल्द काम करवाकर मण्डी शिफ्ट करवा दें जिससे जाम लगना बंद हो जाएगा। वैसे भी आचार संहिता के कारण कुछ काम नहीं हो रहे थे। 
मुन्नालाल कुशवाह, अध्यक्ष नगरपालिका शिवपुरी 

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!