
कुंठित एवं गुमनाम प्रतिभाशाली महिलाओं की खोज
बेटी बचाओ के तहत महिलाओं की प्रतिभाओं को तराशने का प्रयास
शिवपुरी। प्रतिभा एक प्राकृतिक गुण है,जो अलग अलग स्वरूपों में लोगों के अंदर मौजूद होता है।परिस्थितियों की अनुकूलता से कुछ लोगों की प्रतिभा का निखार हो जाता है,तो प्रतिकूल हालातों में अनेक प्रतिभाओं का दमन हो जाता है।जिसके पीछे अनेक कारण होते है।गरीबी,अशिक्षा,संसाधनों का अभाव,उचित मार्गदर्शन जैसी अनेकों बाधाएं उस प्रतिभा के निखार को दबा देती है।प्रशासन द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत ऐसी छुपी हुईं प्रतिभाओं के निखार की कार्ययोजना तैयार की गई है।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा साधारण नारी के असाधारण कार्य अभियान के तहत जिले की महिलाओं एवं बालिकाओं के अंदर छुपी प्रतिभा को तराशने के लिये उनसे आवेदन पत्र आमंत्रित किये है। इस अभियान में जिले की निवासी कोई भी महिला एवं बालिका अपनी प्रतिभा से सम्बंधित जानकारी के साथ सादा कागज पर अपने मोबाइल नंबर सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में आवेदन कर सकती है।विभाग ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से भी ऐसी महिलाओं को चिन्हित कराने की कार्ययोजना तैयार की है।
बाल संरक्षण अधिकारी राघवेंद्र शर्मा ने बताया कि किसी भी ऐसे कला-कौशल में निपुण महिला या बालिका जो उसे साधारण से असाधारण बनाती है।गीत,संगीत,नृत्य, शिक्षा,खेलकूद, लेखनकला, पाककला या किसी अदम्य साहस का कार्य करने वाली महिलाएं और बालिकाएं संपूर्ण जानकारी के साथ आवेदन कर सकतीं है।प्रशासन द्वारा ऐसी महिलाओं की प्रतिभा को निखारने के प्रयास करेगा तथा उन्हें स्थानीय ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा जो अन्य महिलाओं के लिये प्रेरणा बनेगीं।महिलाएं स्वयं या कोई अन्य व्यक्ति भी ऐसी असाधारण प्रतिभाओं के नामों को प्रस्तावित कर सकता है।






Be First to Comment