Press "Enter" to skip to content

नपा के उपयंत्री को स्थानांतरण के तीन माह बाद भी नहीं किया रिलीव वर्षों से पदस्थ हैं उपयंत्री शर्मा लोकायुक्त में है जांच लंबित | Shivpuri News


शिवपुरी। नगरपालिका परिषद शिवपुरी वैसे तो घोटालों और अनियमितताओं के कारण अक्सर चर्चा में रहती है, किंतु शहरवासियों को नारकीय यातना का अनुभव कराने वाले नपा के कर्मचारियों पर प्रशासन किस तरह मेहरबान होता है इसकी बानगी देखिये कि एक उपयंत्री अपने रसूख की दम पर स्थानांतरण के तीन माह बाद भी भारमुक्त नहीं किए जा रहे हैं। नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग मंत्रालय भोपाल द्वारा दिनांक 08 मार्च 2019 को उपयंत्रियों के स्थानांतरण में एक नाम शिवपुरी नगरपालिका में वर्षों से पदस्थ उपयंत्री आरडी शर्मा का भी शामिल था। शर्मा को नगरपालिका परिषद कोलारस में स्थानांतरित किया गया था, किंतु वर्षों से शिवपुरी में जमे आरडी शर्मा की पॉवर का अंदाजा इस बात से सहज ही लग जाता है कि पहले तो लोकसभा चुनाव के नाम पर शर्मा को रिलीव नहीं किया गया और अब जबकि आचार संहिता समाप्त हो चुकी है इसके बाद भी नगरपालिका प्रशासन अभी तक आरडी शर्मा को रिलीव नहीं कर पा रहा है।
उल्लेखनीय है कि आरडी शर्मा शिवपुरी नगरपालिका में वर्षों से जमे हुए हैं और नगरपालिका द्वारा क्रियान्वित योजनाओं में आरडी शर्मा सदैव विवादित रहे हैं। अनेकों बार जनप्रतिनिधियों द्वारा इनका स्थानांतरण किए जाने की अनुशंसा की जाती रही है, किंतु राजनैतिक माध्यमों पर अच्छी पकड़ के चलते ये सदैव अप्रभावित बने रहे। श्री शर्मा के विरूद्ध सतनवाड़ा क्षेत्र में जलावर्धन योजना की 800 एमएम जीआरपी पाइप लाइन निकालने हेतु वर्ष 2015 में किए गए कार्य के भुगतान, बिल व्हाउचर (पत्रकों) में श्रमिक/मजदूर एवं सुपरवाइजरों के किए गए फर्जी हस्ताक्षर एवं फर्जी अंगूठों की जांच लोकायुक्त में लंबित है।

इनका कहना है

इनको रिलीव करने की कार्यवाही की जा रही है, जल्दी ही रिलीव कर देंगे। समय अवधि नहीं बता सकते कि कब तक।
केके पटेरिया
नगर पालिका सीएमओ

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!