
शिवपुरी। पिछोर के गरेठा में पुलिस ने बुधवार को नकली शराब बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। जहां शराब माफिया हाथ भट्टी की शराब को अंग्रेजी शराब में तब्दील कर उन्हें ब्राण्डेड शराब की बोतलों में भरकर पैकिंग कर रहे थे। पुलिस ने मौके से 100 लीटर कच्ची शराब और 40 लीटर ओपी और शराब बनाने की सामग्री जिसमें खाली क्वार्टर, बोतल, पैकिंग मशीन और ब्राण्डेड कंपनियों के लेबल जप्त किए हैं। मौके से पुलिस ने फैक्ट्री का संचालन करने वाले तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। जबकि एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर वहां से भाग गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 34(2), 49क, 34(1)एफ आबकारी एक्ट के तहत कायमी की है। फैक्ट्री आरोपी के खेत में गुप्त रूप से संचालित की जा रही थी।
जानकारी के अनुसार पिछोर क्षेत्र के नया चौराहा, मनगुली व ग्राम गरेठा में अवैध शराब बनाकर बेचने की सूचनाएं पुलिस को प्राप्त हो रही थीं। जिसके आधार पर पुलिस ने बुधवार को एक टीम का गठन कर मुखबिर की सूचना पर ग्राम गरेठा में पहुंचकर छापा मार कार्यवाही की। जहां आरोपी भरत पुत्र महाराज सिंह लोधी के खेत पर बनी एक झोंपड़ी में फैक्ट्री का संचालन होता पाया गया। पुलिस ने मौके से भरत सिंह लोधी सहित महाराज सिंह लोधी, प्राण सिंह लोधी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मौके से 15 हजार रूपए कीमत की 100 लीटर हाथ भट्टी की शराब, 20 हजार रूपए कीमत की 40 लीटर ओपी और 50 हजार रूपए कीमत की ब्राण्डेड कंपनियों की सामग्री जप्त की है। जिसमें नकली शराब पैक कर बाजार में असली बताकर खपाया जाता था। पुलिस ने इस मामले में विवेचना प्रारंभ कर एक अन्य फरार आरोपी प्राणसिंह लोधी की तलाश शुरू कर दी है।






Be First to Comment