पिटाई से क्षुब्ध होकर पत्नि ने रेलवे ट्रेक पर लेटकर किया था आत्महत्या का प्रयास
शिवपुरी। बदरवास के ग्राम बारई रोड़ लल्लू टेलर के मकान में रहने वाली एक महिला के साथ उसके पति और ससुर ने मारपीट कर दी और जब पीडि़ता की मां व बहन उसे बचाने आई तो आरोपियों ने उनकी भी पिटाई लगा दी। इसके बाद लक्ष्मी चोटिल अवस्था में बारई रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन पर पहुंची। जहां वह रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या करने के लिए लेट गई, लेकिन ग्वालियर भोपाल इंटरसिटी ट्रेन के लोको पायलट ने उसे देख लिया। इसके बाद उसने भोपाल कंट्रोल रूम को सूचना दी जिस पर डायल 100 मौके पर पहुंची और महिला को रेलवे ट्रेक से उठाकर समझाया और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। बताया जाता है कि दोनों आरोपी पिता-पुत्र पीडि़ता को लेने उसके घर आए थे जहां पीडि़ता ने ससुराल जाने से इंकार कर दिया तो आरोपियों ने उक्त घटना को अंजाम दे दिया। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 452, 323, 324, 506, 34 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मी कुशवाह बीते कुछ दिन पहले अपने मायके बदरवास में आई थी। बताया जाता है कि लक्ष्मी और उसके पति रिंकू का झगड़ा हो गया था। जिस कारण लक्ष्मी वहां से अपने पिता के घर आ गई, लेकिन कल सुबह आरोपी रिंकू कुशवाह अपने पिता मोहकम कुशवाह के साथ लक्ष्मी को लेने उसके घर आया। जिस पर लक्ष्मी ने रिंकू के साथ ससुराल जाने से इंकार कर दिया। जिससे दोनों आरोपी उसके घर में घुस आए और उसकी मारपीट कर दी। जब उसकी मां मालती और बहन सीता कुशवाह बीचबचाव के लिए वहां आईं तो आरोपियों ने उनकी भी पिटाई कर दी और उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।





Be First to Comment