
पहले अपने क्षेत्र में 4 को और फिर 7 को आने का था कार्यक्रम
शिवपुरी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महामंत्री और गुना शिवपुरी लोकसभा क्षेत्र से हाल के लोकसभा चुनाव में सवा लाख मतों से पराजित पूर्व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का 7 जून का अपने क्षेत्र का प्रस्तावित दौरा अज्ञात कारणों से निरस्त हो गया है। इससे पहले वह 4 जून को आने वाले थे और वह दौरा भी अपरिहार्य कारण बताकर निरस्त कर दिया गया था। 7 दिन में दो बार दौरा कार्यक्रम निरस्त होने के बाद राजनैतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
गुना शिवपुरी की पारंपरिक सीट पर करारी हार के बाद से कांग्रेस सदमे से उभर नहीं पाई है। पूर्व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया मतदान वाले दिन के बाद से यहां नहीं पहुंचे हैं। सिंधिया की हार के बाद गुना शिवपुरी अशोकनगर क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को समझ नहीं आ रहा कि वे अब कहांं जाएं। कार्यकर्ताओं की परेशानी को समझते हुए पूर्व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया 4 जून को गुना-शिवपुरी और अशोनगर का दौरा कार्यक्रम बनाया। कार्यक्रम के तहत उन्हें पब्लिक मीटिंग लेनी थी जिसमें भी जनता के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते, लेकिन ऐन वक्त पर इस दौरे का निरस्त कर दिया गया। बताया गया कि राहुल गांधी ने सिंधिया को दिल्ली में रूकने के लिए कहा है। इस दौरे के निरस्त होने के बाद 7 और 8 जून का दौरा कार्यक्रम बनाया गया जिसमें पब्लिक मीटिंग निरस्त कर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई, लेकिन अब यह दौरा भी निरस्त हो गया है जिससे राजनैतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। यह बताया जा रहा है कि सिंधिया दिल्ली में हैं, मुख्यमंत्री कमलनाथ भी दिल्ली पहुंच गए हैं और प्रदेशाध्यक्ष को लेकर चर्चाएं भी जोरों पर हैं जिसके चलते अटकलों का दौर जारी है।






Be First to Comment