
शिवपुरी। नगरीय निकायों एवं पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण 2019 तैयार किए जाने के संबंध में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों का प्रशिक्षण अपर कलेक्टर श्री आर.एस.बालोदिया की अध्यक्षता में आज सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स के रूप में तहसीलदार कोलारस श्री रामनिवास सिकरवार ने पावरपाइंट के माध्यम से मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्य की विस्तार से जानकारी दी।
जिलाधीश कार्यालय शिवपुरी के सभाकक्ष में आयोजित प्रशिक्षण में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के रूप में अनुविभागीय अधिकारी(राजस्व) शिवपुरी श्री अतेन्द्र सिंह गुर्जर, कोलारस श्री आशीष तिवारी, पोहरी श्री मुकेश सिंह, करैरा श्री ए.के.वाजपेई और पिछोर श्री यू.एस.सिकरवार सहित सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित थे।
अपर कलेक्टर श्री बालोदिया ने प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए कहा कि नगरीय निकाय एवं पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण 2019 का कार्य महत्वपूर्ण है। इस कार्य में लगे सभी अधिकारी पूरी गंभीरता एवं सजगता के साथ संपादित करें। जिससे सूची की शुद्धता बनी रहे। किसी भी प्रकार की परेशानी एवं समस्या आने पर त्वरित निराकरण करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य करते वक्त परिसीमन का विशेष ध्यान दें। श्री बालोदिया ने कहा कि मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण 2019 के कार्य के संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जो दिशा-निर्देश जारी किए गए है। उनका भली-भांति अध्ययन करें।
अपर कलेक्टर ने बताया कि मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण 2019 का कार्य जिले की नगरीय निकायों के साथ-साथ जनपद पंचायतों में भी एक साथ संचालित होगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य के दौरान इस बात का भी विशेष ध्यान रखना है। एक मतदाता का नाम एक से अधिक मतदान केन्द्रों पर न हो।
फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण 2019 हेतु नगर पालिका परिषद शिवपुरी के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शिवपुरी, जबकि जिले की शेष नगर पंचायतों के लिए तहसीलदार रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और नायब तहसीलदार को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बनाया गया है और संबंधित नगरीय निकाय के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सहयोगी अधिकारी बनाया गया है। जनपद पंचायतों के निर्वाचन के लिए संबंधित जनपद पंचायत के अनुविभागीय दण्डाधिकारी को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, तहसीलदार को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहयोगी अधिकारी के रूप में संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नियुक्त किया गया है।




