350 महिलाएं हुई ठगी का शिकार, प्रत्येक से वसूले 2-2 हजार रूपए
शिवपुरी। शिवपुरी तहसील के कुछ गांवों में समूह गठित कराकर बैंक से स्कीम के तहत 50-50 हजार रूपए बिना ब्याज के लोन दिलाने के नाम पर 350 महिलाओं से एक युवक ने ठगी कर ली है। प्रत्येक महिला से 2 हजार रूपए वसूल किए गए। इस तरह से कुल ठगी की रकम 7 लाख रूपए है। रूपए वसूल करने के बाद आरोपी ठग गायब हो गया। कल सिटी कोतवाली में महिलाओं ने आवेदन देकर ठगी की शिकायत की है।
सिंहनिवास निवासी संतोष यादव ने पुलिस को दिए शिकायती आवेदन में बताया कि सिंहनिवास के ही विक्रम रावत ने बैंक ऑफ इण्डिया से समूह गठित कराकर महिलाओं को 50-50 हजार रूपए दिलवाने की बात कही थी। 8 माह पूर्व 350 महिलाओं ने 2-2 हजार रूपए आरोपी को जमा कर दिए। संतोष का कहना है कि उसे विक्रम ने कमीशन का लालच दिया था। इसलिए उसने अपनी परिचित महिला रंजीत जाटव निवासी टोंगरा एवं धर्मेंद्र जाटव के माध्यम से महिलाओं से 2-2 हजार रूपए ले लिए और उक्त राशि एकत्रित कर विक्रम रावत को सौंप दी। विक्रम ने 20 दिन के भीतर बैंक से हर महिला को 50-50 हजार रूपए दिलवाने का भरौसा दिलाया था, लेकिन राशि लेकर विक्रम भाग गया और अभी तक लौटकर नहीं आया।
इन महिलाओं से हुई ठगी
ग्राम गिगमोरा की 12, बांसखेड़ा की 14, टोंगरा की 27, जाखनोद की 15, सालौदा की 12, लोहादेवी की 12 महिलाओं से 2-2 हजार रूपए लिए गए। इसी तरह उक्त राशि रंजनीश जाटव और संतोष ने भी वसूले। जबकि धर्मेंद्र जाटव ने कुशियारा गांव से 13, टोंगरा से 12, सालौदा से 15 महिलाओं ने 2-2 हजार रूपए लिए।





Be First to Comment