भिलाई। छत्तीसगढ़ में कोचियागिरी (शराब की अवैध बिक्री) बंद होने का दावा करने वाले मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के ही गृह जिले दुर्ग में अवैध शराब तस्करी के खेल का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल होने के बाद एसपी प्रखर पांडेय ने आरोपित दोनों आरक्षकों को निलंबित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक आरक्षक ध्रुवनारायण चंद्राकर और अजय सिंह ने शनिवार को कोहका के कृष्णा ग्रैंड सिटी के रूम रीगल तीन में रहने वाले शराब कोचिया जगदीश की कार में लोड 40 पेटी शराब पकड़ा। शराब पकड़ने के बाद दोनों आरक्षकों ने कोचिया जगदीश को कार्रवाई करने की धमकी दी।
कार्रवाई न करने के एवज में आरक्षकों ने पांच लाख रुपये की मांग की, लेकिन दो लाख रुपये में सौदा तय हुआ। कोचिये ने चार घंटे के भीतर एक लाख 65 हजार रुपये की व्यवस्था कर दी। इसके बाद दोनों आरक्षक वहां से निकले। पता चला है कि कोचिये ने अपनी गाड़ी को गिरवी रखकर पैसों की व्यवस्था की थी।
रुपये देने के बाद कोचिये ने अपने एक परिचित से आरक्षकों की करतूत के बारे में बात की। उन दोनों के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग वायरल हो गई। जिसके बाद एसपी प्रखर पांडेय ने दोनों आरक्षकों ध्रुवनारायण चंद्राकर और अजय सिंह को तत्काल निलंबित कर दिया है।





Be First to Comment