टीआरएस विधायक के भाई ने महिला वन अधिकारी को डंडे से पीटा, गिरफ्तार ! National News

  • Telangana Rashtra Samithi workers attack on police team & forest guards in Asifabad
  • सिरपुर विधायक कोनप्पा के भाई ने महिला फॉरेस्ट रेंज अफसर सी अनीता को डंडे से पीटा
  • तेलंगाना के आसिफाबाद की घटना, अनीता अन्य अधिकारियों के साथ सरकार की योजना के तहत पौधारोपण करने पहुंची थीं
  • इसी दौरान विधायक के भाई ने ग्रामीणों के साथ मिलकर फॉरेस्ट टीम पर हमला किया

हैदराबाद. आसिफाबाद के कोमराम में जमीन के विवाद को लेकर टीआरएस विधायक के भाई ने समर्थकों के साथ मिलकर वन-विभाग की टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान सिरपुर से टीआरएस विधायक कोनेरु कोनप्पा के भाई कृष्णा राव ने एक महिला अफसर को डंडों से पीटा। हमले में फॉरेस्ट रेंज अफसर सी अनीता गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
एसपी मल्ला रेड्डी ने बताया कि विधायक कोनेरु कोनप्पा के भाई कृष्णा राव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनपर आईपीसी की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। वन विभाग ने बताया कि अनीता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
सरकारी योजना के तहत पौधारोपण करने पहुंची थी वन विभाग की टीम
विभाग के मुताबिक, अनीता अन्य वन कर्मियों के साथ सरकारी योजना हरिथ हारम के तहत पौधारोपण करने सरासला गांव पहुंची थीं। इसी दौरान विधायक के भाई ने समर्थकों के साथ मिलकर हमला कर दिया। विधायक के भाई का कहना था कि पौधारोपण वाली जमीन उनकी है। 
इस दौरान विभाग के अफसरों ने राव को मनाने की भी कोशिश की। लेकिन कृष्णा ने ट्रैक्टर पर खड़ी अनीता पर डंडे से हमला कर दिया। महिला को सिर में गंभीर चोट आई। कृष्णा हाल ही में कोमाराम भीम आसिफाबाद जिला परिषद के उपाध्यक्ष चुने गए।
‘बगैर बात किए उन्होंने जानलेवा हमला कर दिया’
वन विभाग के एक अफसर ने कहा, ‘बगैर यह पूछे कि वन विभाग के अधिकारी यहां क्यों आए, उन्होंने हम पर जानलेवा हमला कर दिया। उन्होंने यह नहीं देखा कि जिस पर वे हमला कर रहे, वह एक महिला वन अधिकारी है। लाठी और रॉड से लैस हमलावरों ने बगैर बात किए सीधे पीटना शुरू कर दिया। वन विभाग के कर्मी अपनी जमीन पर पौधरोपण करने के लिए गए थे।