Press "Enter" to skip to content

दुबई की रानी और शेख मख्तूम की पत्नी ने ब्रिटेन में मांगी राजनीतिक शरण ! International News

दुबई की रानी और शेख मख्तूम की पत्नी ने ब्रिटेन में मांगी राजनीतिक शरण
लंदन। दुबई की रानी हया बिंत हुसैन ने ब्रिटेन में राजनीतिक शरण की मांग की है। हया दुबई के शासक शेख मुहम्मद बिन राशिद अल मख्तूम की पत्नियों में से एक हैं। पिछले दिनों यह खबर आई थी कि हया पति को छोड़कर चली गई हैं। उन्होंने पति से तलाक भी मांगा है। नाम नहीं बताने की शर्त पर शाही परिवार से जुड़े एक शख्स ने बताया कि 45 वर्षीय रानी हया कई महीने पहले ही अपने 11 और सात साल के बच्चों को लेकर लंदन चली गई थीं। तभी से वह बच्चों शेख जाएद और शेखा अल जलीला के साथ केंसिंगटन पैलेस के नजदीक एक भवन में रह रही हैं।
पिछले महीने एक शाही कार्यक्रम में रानी की अनुपस्थिति के बाद उनके भागने की खबरें सामने आई थीं। रानी हया को शेख की छह पत्नियों में सबसे खूबसूरत माना जाता है। वह जॉर्डन के पूर्व राजा हुसैन की बेटी हैं और अपने सामाजिक कार्यों के लिए काफी जानी जाती हैं। उन्होंने 2004 में दुबई के 69 वर्षीय शासक से अम्मान में एक सादे कार्यक्रम में शादी की थी।

रानी हया ने दुबई छोड़कर जाने को लेकर सार्वजनिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। हालांकि उनके जाने के बाद से शेख ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर कुछ शायरियां पोस्ट की हैं। इनमें सीधे तौर पर किसी का नाम नहीं लिया गया है। एक पंक्ति में उन्होंने लिखा, ‘मेरी जिंदगी में अब तुम्हारी कोई जगह नहीं, मुझे परवाह नहीं कि तुम जियो या मरो।’
पहले भागी चुकी है दो राजकुमारियां

रानी हया दुबई में शेख मुहम्मद के महल से भागने वाली तीसरी महिला हैं। उनसे पहले शेख मुहम्मद की दो बेटियां शेखा शम्स अल मख्तूम और शेखा लतीफा बिंत मुहम्मद अल मख्तूम महल से भाग गई थीं। उन्हें अमीरात के सैनिकों ने पकड़ लिया था। वकीलों का कहना है कि दोनों की इच्छा के बिना उन्हें दुबई में रखा गया है।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!