Press "Enter" to skip to content

इस दिन ट्रंप से मिलेंगे पाक प्रधानमंत्री इमरान खान ! International News

इस दिन ट्रंप से मिलेंगे पाक प्रधानमंत्री इमरान खान
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान इस माह अमेरिका का पहला दौरा करने जा रहे हैं। वह अपनी इस यात्रा के दौरान 22 जुलाई को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। उनकी ट्रंप से यह पहली मुलाकात होगी। वहीं, पाकिस्तानी पुलिस ने गुरुवार को कहा कि मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड और जमात उद दावा के प्रमुख हाफिज सईद और उसके 12 साथियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इमरान खान का यह दौरा ऐसे समय होने जा रहा है, जब दोनों देशों के संबंध बहुत अच्छे नहीं रह गए हैं।
इमरान खान का पहला दौरा

बता दें कि, ट्रंप ने यह कहते हुए पाकिस्तान को मिलने वाली सैन्य मदद रद्द कर दी थी कि उसने आतंकवाद से लड़ाई में कुछ नहीं किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने गुरुवार को कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के आमंत्रण पर इमरान खान अमेरिका का पहला दौरा करेंगे। दोनों नेताओं की बातचीत का मुख्य एजेंडा द्विपक्षीय संबंधों में ताजगी लाने पर केंद्रित होगा। इमरान और ट्रंप के बीच बैठक की यह घोषणा ऐसे समय हुई जब एक दिन पहले ही अमेरिका ने बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) को वैश्विक आतंकी संगठन घोषित कर दिया। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सरकार के खिलाफ संघर्ष कर रहे अलगाववादी संगठन बीएलए ने इसे अन्यायपूर्ण कदम बताया है। पाकिस्तान ने 2006 में इस संगठन पर प्रतिबंध लगाया था।
पहले होगी एफआईआर

बताते चलें कि, सईद और उसके साथियों के खिलाफ बुधवार को पंजाब पुलिस के आतंक निरोधी विभाग (सीटीडी) ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में आतंकी फंडिंग और मनी लांड्रिंग के 23 मामले दर्ज किए गए थे। पंजाब पुलिस के प्रवक्ता नियाब हैदर नकवी ने बताया कि एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और संदिग्धों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जब उनसे पूछा गया कि एफआईआर में नामित किए जाने के बावजूद सईद और अन्य को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया? नकवी ने कहा, पहले संदिग्धों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाती है और फिर उन्हें गिरफ्तार किया जाता है।
पाकिस्तान में नहीं है दाऊद

पाकिस्तानी विदेश कार्यालय के प्रवक्ता मुहम्मद फैसल ने गुरुवार को दावा किया कि अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम पाकिस्तान में नहीं है। दरअसल, डी-कंपनी के एक प्रमुख सदस्य जाबिर मोती (51) के प्रत्यर्पण मुकदमे के दौरान बुधवार को लंदन की वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट अदालत को बताया गया था कि दाऊद 1993 में मुंबई में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों में वांछित है और वह फिलहाल पाकिस्तान में है।
आतंकी फंडिंग मामले में गिरफ्तारी

पहले भी आतंकी फंडिंग के मामले में प्रतिबंधित संगठनों के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है और बाद में आतंकरोधी अदालतों ने उन्हें जेल भेजा है।इमरान खान सरकार के एक सूत्र ने बताया, “सईद फिलहाल लाहौर के जौहर कस्बे में स्थित अपने आवास पर है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए उसके आवास पर छापा मारने के लिए सरकार से हरी झंडी का इंतजार कर रही है।” उक्त सूत्र ने आगे बताया कि सईद को संभवतः इसी हफ्ते गिरफ्तार कर लिया जाएगा क्योंकि इमरान सरकार फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (एफएटीएफ) के तहत आतंकी फंडिंग पर अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के प्रति गंभीर दिख रही है।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!