
परिजन ने जिस सिपाही पर इस मामले में लिप्त होने का आरोप लगाया, उसे बचा रही पुलिस
शिवपुरी। शिवानी शर्मा हत्याकांड के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने पांचों आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने पांचों आरोपियों को सेंट्रल जेल शिवपुरी भेज दिया है। यह आरोपी एक ही सिरिंज से स्मैक लेते थे। इन आरोपियों को कोर्ट में पेश करने से पहले पुलिस ने पांचों आरोपियों के खून की जांच सहित मेडिकल चैकअप कराया गया। तीन आरोपियों को एचआईवी पॉजीटिव निकलना बताया जा रहा है। आरोपियों के जेल चले जाने के बाद अब पुलिस उन लोगों की धरपकड़ शुरू करेगी जो युवाओं को स्मैक मुहैया करा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार शिवानी शर्मा (19) की स्मैक के ओवरडोज से मौत के बाद पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। रविवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। एक आरोपी अभी फरार है।
ये था मामला
शनिवार की सुबह शहर की कृष्णपुरम कॉलोनी में एक चबूतरे पर शिवानी की लाश मिली थी। सीसीटीवी चेक करने पर पता लगा था कि दो युवक ऑटो से लाकर उसका शव चबूतरे पर फेंक गए थे।
स्मैक के बड़े कारोबारियों तक नहीं पहुंची पुलिस, सिपाही की कॉल डिटेल भी दो दिन में नही निकलवा पाई
शिवानी की मौत के लिए स्मैक के बड़े कारोबारी भी जिम्मेदार हैं।। छह आरोपी स्मैक के आदी थे और नशा करने के लिए स्मैक बेचने का काम भी करते थे। इन युवाओं को स्मैक की लत लगाकर कारोबार कराने वालों को पुलिस अभी तक नहीं पकड़ पाई है। साथ ही वर्दी की आढ़ में युवाओं का शोषण करने वाले पुलिस वालों पर भी अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है। घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस कॉल डिटेल नहीं निकलवा सकी है।
पांच में से तीन में एचआईवी पॉजीटिव पाया गया है
पुलिस द्वारा पांच आरोपियों का ब्लड सैंप कराया गया था। इनमें से तीन एचआईवी रिएक्टिव हैं। अब हम इनकी आगे की जांचें ग्वालियर मेडिकल कॉलेज में कराएंगे। इससे एचआईवी पॉजीटिव की स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी। ड्रग लेने वाले अक्सर एक ही सिरिंज का इस्तेमाल करते हैं, जिससे एचआईवी एक से दूसरे को हो जाता है।
डॉ. पीके खरे, सिविल सर्जन
जिला अस्पताल शिवपुरी






Be First to Comment