
दक्षिण कैरोलिना के एक पुलिस अधिकारी ने अपनी सुझबूझ से 12 दिन की एक बच्ची का जान बचाने में सफलता हासिल की है। खुद पुलिस विभाग ने अपने इस जांबाज अधिकारी का वीडियो अपने फेसबुक पेज पर शेयर किया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। कई यूजर्स पुलिस अधिकारी को सलाम कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इस रियल लाइफ हीरो बता रहे हैं।
दक्षिण कैरोलिना के इस वीडियो को पुलिस डिपार्टमेंट ने अपने सोशल अकाउंट पर शेयर किया है। लगभग 5 मिनट का ये वीडियो 11 जून का बताया जा रहा है। इस दिन डिप्टी डब्ल्यू किम्ब्रो ने तेज रफ्तार की वजह से एक कार को रोक लिया, लेकिन जब कार में मौजूद महिला की हालत देखी तो वह भी हैरान रह गया। महिला की गोद में 12 दिन की उसकी बच्ची थी, जिसकी हालत काफी गंभीर लग रही थी। महिला ने पुलिस ऑफिसर को बताया कि, बच्ची का हालत काफी खराब है इस वजह से वह इतनी तेज गाड़ी चलाकर उसे अस्पताल लेकर जा रही है। इस पर पुलिस अधिकारी ने बच्ची को अपनी बाहों में लिया और उसे प्राथमिक उपचार और हल्के हाथों से पंप किया।
बच्ची की मां के अनुसार बोतल से दूध पीते वक्त अचानक ही बच्ची की सांसे रुकने लगी थी। इसके बाद डिप्टी किम्ब्रो ने बच्ची को मां की गोद में लेटाया और उसके मुंह में उंगली डालकर उसे साफ किया। इस दौरान डिप्टी किम्ब्रो ने बच्ची की हल्के हाथों से मालिश भी की। ऐसा करते ही बच्ची रोने लगी, बच्ची का रोना सुनकर डिप्टी किम्ब्रो ने कहा कि- जब तक बच्ची रो रही है, समझो उसकी सांस चल रही है और वह ठीक है। मेडिकल टीम के घटनास्थल पर पहुंचने तक डिप्टी किम्ब्रो ने बच्ची का प्राथमिक उपचार जारी रखा। वहीं, मेडिकल टीम ने मौके पर पहुंचते ही बच्ची का उपचार शुरू कर दिया। बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उसे एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
बर्कले काउंटी शेरिफ कार्यालय ने अपने अधिकारी की सराहना करते हुए यह वीडियो सोशल अकाउंट पर शेयर किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। इस पोस्ट को अब तक 2000 से अधिक लोग अब तक शेयर कर चुके हैं, वहीं सैकड़ों लोग इस पर कमेंट्स कर चुके हैं। लोग कमेंट् कर बच्चे की जान बचाने वाले पुलिस अधिकारी को ‘धन्यवाद’ बोल रहे हैं। वहीं, कुछ लोगो उनको रियल लाइफ हीरो और दयालु भी बोल रहे हैं





Be First to Comment