श्रीलंका में एक महीने के लिए फिर बढ़ा आपातकाल, राष्ट्रपति ने की घोषणा ! International News

श्रीलंका में एक महीने के लिए फिर बढ़ा आपातकाल, राष्ट्रपति ने की घोषणा
कोलंबो। श्रीलंका में 21 अप्रैल को ईस्टर संडे के मौके पर सीरियल ब्लास्ट हुए थे। ब्लास्ट के बाद सुरक्षा के मद्देनजर देश में लगाए गए आपातकाल की सीमा को चौथी बार अब एक महीने के लिए और बढ़ा दिया गया है। श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रिपाला सिरिसेना ने सोमवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने देश में सुरक्षा हालात के मद्देनजर ऐसा किया है।
डेली मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, सिरिसेना ने एक असाधारण गजट अधिसूचना पर हस्ताक्षर किया, जिसमें कहा गया कि आपातकाल सार्वजनिक सुरक्षा, सार्वजनिक व्यवस्था के संरक्षण व समुदाय के जीवन के लिए आपूर्ति व सेवाएं को बनाए रखने के लिए प्रभावी है। बता दें कि, 21 अप्रैल ईस्टर के दिन श्रीलंका में तीन चर्च और तीन होटलों को निशाना बनाते हुए 9 आत्मघाती हमलावरों ने हमले को अंजाम दिया था।

यह हमला 2009 में लिबरेशन टाइगर्स ऑफ़ तमिल ईलम ( LTTE ) के साथ गृहयुद्ध समाप्त होने के बाद सबसे बड़ा हमला था। श्रीलंका की सरकार ने इस सीरियल ब्लास्ट के लिए स्थानीय इस्लामिक कट्टरपंथी संगठन नेशनल तौहिद जमात ( NTJ) को जिम्मेदार ठहराया था। हालांकि घटना के दो दिन बाद आतंकी संगठन ISIS ने इसकी जिम्मेदारी ली थी। इस हमले में 11 भारतीय समेत 258 लोगों की मौत हो गई थी।

संबंधित खबरें