
अंबिकापुर । सरगुजा जिले के मैनपाट वन परिक्षेत्र के ग्राम डांड़केसरा निवासी चिंतामणि यादव पिता विश्वनाथ यादव 65 वर्ष की भालू के हमले से मौत हो गई। मैनपाट रेंजर फेंकू प्रसाद चौबे ने बताया कि मृतक मंगलवार को मवेशी चराने के लिए मैनपाट वन परिक्षेत्र से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर धरमजयगढ़ वन मंडल के बोरो रेंज में गया था।
लेकिन देर रात तक वह वापस नही लौटा तो बुधवार सुबह परिजन उसकी खोजबीन में जंगल की ओर गए, जहां मृतक का खून से लथपथ शव नजर आया। भालू ने मृतक के शरीर को बुरी तरह से नोच दिया था। शव लेकर परिजन व ग्रामीण बस्ती के नजदीक ले आए है। सूचना पर वन विभाग का अमला भी मौके पर पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी ली। घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल है।



