Press "Enter" to skip to content

लापरवाही : पथरीले मैदान में राज्यस्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता, ठोकरें लगने से 15 खिलाड़ी जख्मी | Shivpuri News

पोलो ग्राउंड में इस तरह पड़े हैं कंकड़, पत्थर। एक छात्रा के कंधे के कॉलर की हड्डी टूटी, दूसरी छात्रा के घुटनों में

पोलो ग्राउंड में इस तरह पड़े हैं कंकड़, पत्थर।

एक छात्रा के कंधे के कॉलर की हड्डी टूटी, दूसरी छात्रा के घुटनों में चोट, अन्य 13 खिलाड़ी भी चोटिल

शिवपुरी। शिक्षा विभाग की शालेय खेलकूद प्रतियोगिता के तहत राज्यस्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। यह प्रतियोगिता शहर के पोलो ग्राउंड में हो रही है। ग्राउंड के पथरीले और कंक्रीट भरे होने के कारण दो दिनों से जारी हैंडबॉल प्रतियोगिता में ठोकरें खाने और फिसलने से 15 बालक-बालिका खिलाड़ी जख्मी हो चुके हैं। इनमें से ज्यादा जख्मी दो बालिकाओं को जिला अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया। यहां डॉक्टर ने एक बालिका को कंधे की कॉलर की हड्डी टूट जाने पर डेढ़ महीने आराम की सलाह दी है। सागर की रहने वाली इस बालिका खिलाड़ी का कहना है कि माता-पिता को उससे अच्छे खेल प्रदर्शन की उम्मीद थी। वह घाव लेकर घर नहीं जाना चाहती थी। कुछ खिलाड़ियों को मामूली चोट पर एंबुलेंस में ही प्राथमिक इलाज किया गया।

पोलो ग्राउंड में कंकड़ हैं और पत्थर भी उभरे हुए हैं जिससे ठोकरे खाकर खिलाड़ी अक्सर गिर जाते हैं। हैंडबॉल प्रतियोगिता कराने से पहले पत्थर निकालने का किसी ने ध्यान नहीं दिया।

जख्मी होने पर प्रिया बोली- घाव के साथ घर नहीं जाना

जख्ती खिलाड़ी प्रिया कुमारी को डॉक्टर ने डेढ़ महीने की सलाह दी तो वह अपने कोच से कहने लगी कि इस घाव के साथ घर नहीं जाना। डॉक्टर ने कोच को सलाह दी कि बालिका को घर भेज दिया जाए ताकि वहां उसकी देखभाल ठीक से हो सके। कोच ने मैच खिलाने से मना कर दिया है। वहीं छात्रा घर जाने से इनकार कर ही है।

छात्रा प्रतिभा के दोनों पैर के घुटनों में आई चोट

पथरीले ग्राउंड में खेल के दौरान शुक्रवार को सागर की अंडर-17 टीम में शामिल बालिका खिलाड़ी प्रिया कुमारी पुत्री ओमकुमार की कॉलर की हड्डी टूट गई है, जिससे डॉक्टर ने उसे डेढ़ महीने तक आराम करने की सलाह दी है। दूसरी छात्रा प्रतिभा श्रीवास पुत्री बद्री श्रीवास को दोनों घुटनों में चोट है। एक घुटने में ज्यादा चोट होने पर पट्टी बांध दी है।

नेशनल प्रतियोगिता के लिए अच्छा मैदान चुनेंगे

पिछले साल हैप्पी डेज स्कूल में कराई हैंडबॉल प्रतियोगिता का लोगों ने विरोध किया था। इस बार पोलो ग्राउंड पर प्रतियोगिता करानी पड़ी। दूसरा कोई मैदान नहीं मिला। अंडर 14 बालिका नेशनल प्रतियोगिता शिवपुरी में ही होना है। इसके लिए अच्छा मैदान ही चुनेंगे।
महेंद्र सिंह तोमर
जिला क्रीड़ा अधिकारी
शालेय खेलकूद शिक्षा विभाग शिवपुरी 

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!