,

दिनारा पुलिस ने 2 किलो गांजे के साथ 61 वर्षीय जगन्नाथ लोधी को पकड़ा, बाइक भी जब्त; कीमत 1 लाख रुपये / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिनारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 61 वर्षीय व्यक्ति को 2 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं एसडीओपी करैरा विनायक शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दिनारा अरविंद छारी की टीम सलैया-डामरौन रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सलैया की ओर से मोटरसाइकिल पर आ रहा एक व्यक्ति पुलिस चेकिंग देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जगन्नाथ लोधी पुत्र स्व. देशराज लोधी, उम्र 61 वर्ष, निवासी ग्राम टीला, थाना करैरा बताया। पुलिस ने उसकी पीठ पर टंगे बैग की तलाशी ली तो उसमें 2 किलो अवैध गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई। पुलिस ने गांजा और मोटरसाइकिल क्रमांक MP33MH4214, जिसकी कीमत भी 50 हजार रुपये बताई गई है, जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है।