शिवपुरी। जिले के पिछोर तहसील के खोड़ चौकी क्षेत्र के ग्राम नयागांव से 17 वर्षीय नाबालिग के लापता होने का मामला सामने आया है। नाबालिग के परिजनों ने लवकुश लोधी और धायमहादेव मंदिर खोड़ पर रहने वाले आनंदपुरी महाराज पर बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पिता का दावा है कि दोनों काली बोलेरो गाड़ी से रात में घर पहुंचे थे और बेटी को अपने साथ ले गए। मामले में पुलिस चौकी खोड़ पर शिकायत के बावजूद FIR दर्ज नहीं होने का आरोप लगाते हुए पिता ने 28 नवंबर को पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर बेटी की शीघ्र बरामदगी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग के पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी पत्नी धायमहादेव मंदिर में रोजंदारी पर काम करती हैं। इसी मंदिर पर लवकुश लोधी के भाई की प्रसाद की दुकान है। पिता का आरोप है कि लवकुश काफी समय से उनकी बेटी को परेशान करता था और उसका पीछा करता था। पहले भी उसे समझाया गया था, तब मंदिर पर रहने वाले आनंदपुरी महाराज ने भविष्य में ऐसी गलती नहीं होने की बात कहकर जिम्मेदारी ली थी।
पिता के मुताबिक, 24 नवंबर की रात परिवार खाना खाकर सो गया था। रात करीब 2 बजे जब उनकी नींद खुली तो बेटी घर से गायब थी। तलाश करने पर उसका पता नहीं चला। घर में जांच करने पर बेटी के शैक्षणिक दस्तावेज, मार्कशीट, आधार कार्ड, चांदी की पायल, पांच पेंडल वाला सोने का मंगलसूत्र और करीब 7 से 8 हजार रुपये भी गायब मिले। परिवार की 7 वर्षीय भांजी ने कथित तौर पर बताया कि रात में आनंदपुरी महाराज और लवकुश लोधी काली बोलेरो से आए थे और नाबालिग को अपने साथ बैठाकर ले गए। बच्ची ने यह भी बताया कि 23 नवंबर को मंदिर के पीछे खेत में आनंदपुरी महाराज ने नाबालिग को टच स्क्रीन मोबाइल और रुपये दिए थे तथा उसका आधार कार्ड लिया था।
पीड़ित पिता का आरोप है कि जब वह परिवार के साथ लवकुश के घर पूछताछ करने पहुंचे तो उसके पिता कैलाश लोधी, मां रामकली लोधी और अन्य परिजनों ने गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। आरोप है कि परिवार का एक सदस्य तलवार लेकर आया और शिकायत करने पर जान से मारने तथा झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। पिता ने आशंका जताई है कि आरोपित उनकी बेटी के साथ कोई अनहोनी कर सकते हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से लवकुश लोधी और आनंदपुरी महाराज सहित संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने, बेटी को जल्द बरामद करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
17 वर्षीय नाबालिग बेटी को रात 2 बजे घर से ले जाने का आरोप, काली बोलेरो से पहुंचे थे युवक और मंदिर के बाबा; पिता ने SP से लगाई बरामदगी की गुहार / Shivpuri News



