शिवपुरी। भौंती थाना अंतर्गत खोड़ चौकी क्षेत्र के ग्राम विजयपुर में दो अलग-अलग घटनाओं में एक युवक और एक युवती की मौत का मामला सामने आया है। दोनों की मौत से परिवारों में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम विजयपुर निवासी 20 वर्षीय मंजेश लोधी पुत्री हनमंत सिंह और 23 वर्षीय भूपेंद्र लोधी पुत्र शिवकुमार लोधी की अपने-अपने घरों में फांसी लगाने से मौत हो गई। दोनों घटनाएं अलग-अलग स्थानों पर हुईं। गांव में दोनों के बीच प्रेम प्रसंग होने की चर्चा है, हालांकि इन घटनाओं के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर खोड़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए पिछोर स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
फिलहाल पुलिस दोनों घटनाओं की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है। मौतों के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पुलिस की आधिकारिक जानकारी के बाद ही हो सकेगा।
विजयपुर में दो घरों में पसरा मातम, युवक-युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत; प्रेम प्रसंग की चर्चा से क्षेत्र में सनसनी, पुलिस ने शुरू की जांच / Shivpuri News



