,

नरवर के शिवम गुप्ता ने मनोरंजन जगत में बनाई पहचान, JioHotstar और COLORS पर रिलीज हुई वेबसीरीज ‘ढाई चाल’ में निभा रहे अहम भूमिका / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के नरवर के प्रतिभाशाली युवा शिवम गुप्ता ने मनोरंजन जगत में अपनी पहचान बनाकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। शिवम गुप्ता वेबसीरीज ‘ढाई चाल’ (Dhai Chaal) में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह वेबसीरीज JioHotstar और COLORS चैनल पर दर्शकों के लिए उपलब्ध है। छोटे से नगर नरवर से निकलकर राष्ट्रीय मनोरंजन जगत के प्रतिष्ठित मंच तक पहुंचना उनकी मेहनत और प्रतिभा को दर्शाता है।

वेबसीरीज के शो रनर प्रसिद्ध लेखक रितेश शाह हैं, जिन्होंने ‘पिंक’, ‘डी-डे’ और ‘नमस्ते लंदन’ जैसी चर्चित फिल्मों की पटकथा लेखन में योगदान दिया है। सीरीज का निर्देशन सतीश के. नायर और नव निर्माण सिंह ने किया है। इसकी कहानी नवीन चौधरी की पुस्तकों ‘जनता स्टोर’ और ‘ढाई चाल’ पर आधारित है।

इस वेबसीरीज में शिवम गुप्ता के साथ गगन अरोड़ा, आदिल खान, अंजलि तत्रारी, ऋषिका लोखंडे, उत्सव नारूला और विक्रम शर्मा जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं। सीरीज के चार नए एपिसोड प्रत्येक सप्ताह JioHotstar पर जारी किए जा रहे हैं, जबकि COLORS टेलीविजन चैनल पर इसका प्रसारण शनिवार और रविवार रात 8 बजे किया जा रहा है।

शिवम गुप्ता की इस उपलब्धि से उनके परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। नरवर जैसे छोटे नगर के युवा का बड़े मनोरंजन मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाना क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने शिवम गुप्ता और पूरी ‘ढाई चाल’ टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।