,

प्रेमी के साथ मंदिर में शादी कर रहने पहुंची 21 वर्षीय युवती, परिजनों से जान का खतरा; रोशनी ओझा ने SP से मांगी सुरक्षा / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम सेसई सड़क से प्रेम विवाह का मामला सामने आया है। यहां 21 वर्षीय युवती रोशनी ओझा ने आशिक परिहार के साथ अपनी मर्जी से विवाह कर उसके साथ रहने का फैसला किया है। युवती ने 27 नवंबर को पुलिस अधीक्षक के नाम आवेदन देकर अपने विवाह की जानकारी देते हुए खुद और अपने पति की सुरक्षा की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, रोशनी ओझा पुत्री हागोविंद ओझा निवासी ग्राम सेसई सड़क और 21 वर्षीय आशिक परिहार निवासी ग्राम सेसई ने आपसी सहमति से साथ रहने का निर्णय लिया। युवती का कहना है कि वह बालिग है और अपने फैसले लेने में सक्षम है। उसने दावा किया कि वह बिना किसी दबाव, डर या प्रलोभन के अपनी मर्जी से आशिक के साथ आई है। दोनों ने मंदिर में अपने इष्ट देवी-देवताओं को साक्षी मानकर हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया है।

रोशनी ने आवेदन में आरोप लगाया है कि उसके माता-पिता, बहन, मामा और परिवार के अन्य सदस्य इस विवाह से नाराज हैं। आरोप है कि वे दोनों को जान से मारने, गांव से बेदखल करने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। युवती का यह भी आरोप है कि परिजन सुबह-शाम घर आकर विवाद करते हैं और बाखर में पत्थर फेंकते हैं, जिससे दोनों भयभीत हैं।

युवती ने स्पष्ट किया है कि वह अपने मायके से कोई नगदी या सोने-चांदी के जेवर लेकर नहीं आई है। उसने पुलिस अधीक्षक से आवेदन को सूचनार्थ स्वीकार कर उचित कार्रवाई करने और उसे व आशिक परिहार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि दोनों शांतिपूर्वक अपना वैवाहिक जीवन बिता सकें। फिलहाल आवेदन में लगाए गए आरोपों पर पुलिस की ओर से आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।