,

3 महीने से पत्नी और दो बच्चों का नहीं मिला सुराग, भाभी और रिश्ते के भतीजे पर बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप, दीवान कुशवाह ने SP से लगाई गुहार / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के नोहरीकलां गांव से एक पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। यहां रहने वाले दीवान कुशवाह ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर अपनी पत्नी देवका कुशवाह और दो बच्चों की तलाश कराने की गुहार लगाई है। आरोप है कि करीब तीन महीने पहले उसकी भाभी रविता कुशवाह और रिश्ते का भतीजा छोटू कुशवाह उसकी पत्नी और दोनों बच्चों को बहला-फुसलाकर घर से ले गए। इसके बाद से पत्नी और बच्चों से उसका संपर्क नहीं हो पा रहा है।

जानकारी के अनुसार, दीवान की शादी वर्ष 2018 में देवका कुशवाह से हुई थी। उनके दो बच्चे गर्व (7 वर्ष) और श्रृष्टि (4 वर्ष) हैं। फरियादी का आरोप है कि पत्नी और बच्चों को ले जाने के संबंध में छोटू कुशवाह से बात करने पर उसने फोन पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोप है कि उसे नई पुलिस लाइन स्थित कृष्णा नगर में बुलाकर मारपीट की गई और गला दबाया गया, जिससे उसके गले पर नाखून के निशान आ गए।

दीवान का आरोप है कि उसकी पत्नी को वापस घर आने से रोका जा रहा है और उसे मारपीट का डर दिखाया जा रहा है। उसने बताया कि इस संबंध में कोतवाली थाने में पहले भी आवेदन दिया था, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। परेशान होकर 27 नवंबर को एसपी को आवेदन देकर पत्नी और बच्चों की तलाश कराने, संबंधित लोगों से पूछताछ करने तथा अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।