शिवपुरी। जिले के भौंती थाना क्षेत्र से पति-पत्नी के विवाद का मामला सामने आया है। यहां ग्राम भौंती निवासी अनिल जाटव ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर अपने दाम्पत्य जीवन के विवाद का स्थायी समाधान कराने और पत्नी व उसके मायके पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अनिल का दावा है कि पत्नी द्वारा दर्ज कराए गए दहेज प्रताड़ना के मामले में न्यायालय ने उन्हें और उनके परिवार को दोषमुक्त कर दिया है। इसके बावजूद अब उन्हें धमकियां दी जा रही हैं।
पीड़ित के अनुसार, अनिल जाटव का विवाह 7 मई 2019 को ग्राम सलैया निवासी रामदेवी जाटव के साथ हुआ था। दंपती की पांच साल की एक बेटी भी है। अनिल का आरोप है कि पत्नी और उसके मायके पक्ष द्वारा लगातार उन्हें और उनके परिवार को प्रताड़ित किया जाता रहा। इसी विवाद के चलते पत्नी ने भौंती थाने में अपराध क्रमांक 237/2022 के तहत धारा 498-ए आईपीसी और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 में मामला दर्ज कराया था।
अनिल के मुताबिक, इस मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पिछोर द्वारा प्रकरण क्रमांक 636/2022 में 19 नवंबर 2026 को फैसला सुनाते हुए उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को सभी आरोपों से दोषमुक्त कर दिया गया। उन्होंने न्यायालय के निर्णय की प्रति भी अपने आवेदन के साथ संलग्न की है।
अनिल ने आरोप लगाया है कि दहेज प्रताड़ना के मामले के चलते उनकी और उनके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा तथा उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी से गुजरना पड़ा। उन्होंने यह भी बताया कि वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ दोबारा शांतिपूर्ण जीवन बिताना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने पिछोर न्यायालय में हिंदू विवाह अधिनियम 1955 की धारा 9 के तहत दाम्पत्य जीवन की पुनर्स्थापना का आवेदन भी प्रस्तुत किया है।
अनिल का आरोप है कि पत्नी और उसके मायके पक्ष द्वारा विवाद सुलझाने के बजाय उन्हें और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी जा रही हैं। साथ ही नए पुलिस मामलों में फंसाने की धमकी देकर भयभीत करने का प्रयास किया जा रहा है।
अनिल जाटव ने पुलिस अधीक्षक से दाम्पत्य विवाद का स्थायी और शांतिपूर्ण समाधान कराने, कथित धमकियों की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने परिवार को सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की है।
दहेज प्रताड़ना के केस में पति और परिवार दोषमुक्त, अब पत्नी व मायके पक्ष पर धमकी देने का आरोप; अनिल जाटव ने एसपी से लगाई न्याय और सुरक्षा की गुहार / Shivpuri News



