शिवपुरी। जिले के करैरा थाना क्षेत्र के ग्राम करही में मारपीट और लूटपाट की शिकायत के बाद दोबारा धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम निवासी रामहेत उर्फ रामेश्वर रावत ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि 24 नवंबर 2026 को गांव के सूरज रावत, धर्मेंद्र रावत, वीरेंद्र रावत और कृष्णकांत रावत एकराय होकर उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर धर्मेंद्र रावत ने कुल्हाड़ी से उनके सिर पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी आरती रावत और भाभी लक्ष्मी रावत के साथ भी मारपीट की गई। आवेदक ने पत्नी का मंगलसूत्र और भाभी के सोने के झुमके छीनने का आरोप भी लगाया है।
रामहेत रावत का आरोप है कि घटना की शिकायत 24 नवंबर को करैरा थाने में दर्ज कराने के बाद भी आरोपी उन्हें और उनके परिवार को लगातार गाली-गलौज कर रहे हैं तथा राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं। आरोपियों द्वारा केस में समझौता नहीं करने पर जान से मरवाने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दिए जाने की बात भी आवेदन में कही गई है। आवेदक के मुताबिक, वह पूर्व में भी वर्ष 2022, 2023 और 2025 में संबंधित अधिकारियों को शिकायतें दे चुके हैं, लेकिन उनके अनुसार अब तक उचित कार्रवाई नहीं हुई।
आवेदन में रामहेत उर्फ रामेश्वर रावत और उनकी पत्नी आरती रावत ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, कथित तौर पर छीने गए सोने के आभूषण वापस दिलाने तथा पूरे परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
रिपोर्ट करने के बाद फिर धमकाने का आरोप, रामहेत रावत ने पत्नी के साथ SP से लगाई सुरक्षा की गुहार; राजीनामा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देने का दावा / Shivpuri News



