,

शिवपुरी में महाराष्ट्र का जलवा! एक अंक से चूका यूपी, 73 अंकों के साथ महाराष्ट्र ने जीती राष्ट्रीय ओवरऑल चैंपियनशिप / Shivpuri News

शिवपुरी। खेल के मैदान पर महाराष्ट्र के खिलाड़ियों ने ऐसा दम दिखाया कि उत्तर प्रदेश की मजबूत चुनौती भी ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब नहीं बचा सकी। शिवपुरी की धरती पर आयोजित राष्ट्रीय बालक एवं बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में महाराष्ट्र ने 73 अंकों के साथ चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। उत्तर प्रदेश की टीम महज एक अंक के फासले से खिताब गंवाकर 72 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि तमिलनाडु ने 64 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

पिछले पखवाड़े से शिवपुरी में चल रही राष्ट्रीय स्तर की इन खेल प्रतियोगिताओं का सोमवार को बालिका वर्ग के समापन के साथ समापन हुआ। इसके साथ ही बालक और बालिका दोनों वर्गों के संयुक्त परिणामों ने चैंपियन टीमों की तस्वीर साफ कर दी।

बालकों में यूपी का दबदबा, बेटियों के प्रदर्शन ने महाराष्ट्र को बनाया चैंपियन

प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश ने बालक वर्ग में 62 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल कर अपनी ताकत दिखाई थी। लेकिन बालिका वर्ग में टीम केवल 10 अंक ही जुटा सकी। दूसरी ओर महाराष्ट्र ने बालक वर्ग में 15 और बालिका वर्ग में 58 अंक हासिल कर कुल 73 अंकों के साथ बाजी मार ली। यह मुकाबला बताता है कि राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बालक और बालिका दोनों वर्गों का प्रदर्शन कितना निर्णायक रहा।

बालिका वर्ग में महाराष्ट्र की टीम ने 7 स्वर्ण, 4 रजत और 5 कांस्य सहित कुल 16 पदक जीतकर 58 अंक प्राप्त किए। तमिलनाडु 23 अंकों के साथ दूसरे और केरल तीसरे स्थान पर रहा।

कस्तूरी संदीप की रफ्तार ने दिलाया बेस्ट एथलीट का सम्मान

प्रतियोगिता का सबसे खास आकर्षण महाराष्ट्र की कस्तूरी संदीप रहीं। उन्होंने 100 मीटर हर्डल दौड़ को महज 13.59 सेकंड में पूरा कर 1071 अंक हासिल किए। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें बेस्ट एथलीट अवार्ड से सम्मानित किया गया।

अंतिम दिन भी मैदान पर दिखा रोमांच

प्रतियोगिता के अंतिम दिन 1500 मीटर दौड़ में कर्नाटक की लक्ष्मी ओवनावर ने 4 मिनट 41.24 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। तमिलनाडु की तनिष्का दूसरे और महाराष्ट्र की हिमांशी प्रवीण तीसरे स्थान पर रहीं।

हैमर थ्रो में उत्तर प्रदेश की आकांक्षा सिंह ने 58.56 मीटर की दूरी के साथ स्वर्ण पदक जीता। विद्याभारती की श्रद्धा सिंह दूसरे और राजस्थान की कोमल तीसरे स्थान पर रहीं। 400 मीटर हर्डल में केबीएस की कृतिका शुभराम प्रथम, केरल की इमलिया द्वितीय और कर्नाटक की माधुरिका गजानन तृतीय रहीं। वहीं 400 मीटर रिले रेस में महाराष्ट्र की टीम ने 45.76 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। तमिलनाडु दूसरे और केरल तीसरे स्थान पर रहा।

100 से अधिक सदस्यों की मेहनत से सफल हुआ आयोजन

राष्ट्रीय स्तर की दोनों प्रतियोगिताओं को सफल बनाने में आवास, परिवहन, मैदान, स्वास्थ्य और प्रचार-प्रसार सहित विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़ी 100 से अधिक समिति सदस्यों की अहम भूमिका रही। समापन समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को अतिथियों एवं अधिकारियों ने सम्मानित किया।

उत्कृष्ट प्रचार-प्रसार के लिए भगवती प्रसाद शर्मा, नीरज सरैया और राजीव भार्गव को सम्मानित किया गया। वहीं आवास, परिवहन एवं अन्य व्यवस्थाओं में योगदान देने वाले शिक्षा विभाग के अधिकारियों, प्राचार्यों और समिति सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, एडीएम दिनेशचंद्र शुक्ला, जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव, जिला खेल अधिकारी केके खरे, क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बीआरसीसी अंगद सिंह तोमर, हेमलता चौधरी एवं गिरीश मिश्रा ने किया। अंत में प्रतियोगिता का ध्वज उतारकर विधिवत समापन किया गया।