,

एसपी की जनसुनवाई में शिकायत करना पड़ा भारी: शिकायत वापस न लेने पर किसान की दोबारा पिटाई का आरोप, सिर फोड़ा, स्कूटी-मोबाइल और 5 हजार रुपये भी छीने / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम आगरा में पुलिस अधीक्षक की जनसुनवाई में शिकायत करने के बाद एक गरीब किसान के साथ दोबारा मारपीट किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित किसान विजयराम लोधी ने आरोप लगाया है कि पुरानी शिकायत से नाराज आरोपियों ने रास्ता रोककर लाठियों से हमला कर दिया। हमले में किसान के सिर में चोट आई और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें लगीं। आरोपियों पर उसकी बैटरी वाली स्कूटी, मोबाइल और 5 हजार रुपये नकद छीनकर ले जाने तथा दोबारा शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।

पीड़ित विजयराम लोधी पुत्र स्वर्गीय रामचरण लोधी निवासी ग्राम आगरा के अनुसार, 18 नवंबर 2026 की शाम करीब 7 बजे वह बरखापुरा आगरा में आटा चक्की से आटा लेने गया था। इसी दौरान राजेश और कपिल पुत्र आशाराम, गजेन्द्र पुत्र फूलसिंह तथा नीलेश पुत्र राजेश लोधी लाठियां लेकर पहुंचे। आरोप है कि राजेश ने एसपी से शिकायत करने की बात कहते हुए गाली-गलौज की और लाठी से सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद सभी ने मिलकर मारपीट की, जिससे हाथों की उंगलियों और दोनों पैरों में चोटें आईं। किसान का आरोप है कि आरोपी उसकी करीब 40 हजार रुपये कीमत की बैटरी वाली स्कूटी, 1800 रुपये का छोटा जियो मोबाइल और 5 हजार रुपये नकद छीनकर ले गए।

मामले में पीड़ित ने बताया कि 15 नवंबर 2026 को भी आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की थी और उसके बेटे पर लाइसेंसी बंदूक से गोली चलाकर जान से मारने की कोशिश की थी। इस मामले में पुलिस द्वारा सही रिपोर्ट दर्ज नहीं करने और कार्रवाई नहीं होने पर उसने एसपी की जनसुनवाई में आवेदन दिया था। किसान का आरोप है कि जनसुनवाई में शिकायत करने के बाद ही आरोपियों ने दोबारा हमला किया। अब विजयराम लोधी ने एसपी को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने, छीने गए सामान की बरामदगी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।