,

किसान अवधेश रावत को टमाटर के बकाया पैसे मांगना पड़ा भारी: 1217 क्रेट का भुगतान अटका, जुबेर खान नहीं दे रहा पैसे, किसानों से अवधेश परेशान / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले में टमाटर की क्रेट बेचने के बाद बकाया भुगतान मांगना एक किसान को भारी पड़ने का मामला सामने आया है। देहात थाना क्षेत्र के ग्राम सतेरिया निवासी किसान अवधेश रावत ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर जुबेर खान और उसके परिजनों पर टमाटर की बकाया रकम नहीं देने, गाली-गलौज करने और गोली मारकर जान से खत्म करने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। किसान का कहना है कि वह वर्तमान में यमुना होटल के पास शिवपुरी में रहकर कृषि कार्य करता है।

जानकारी के अनुसार अवधेश रावत ने तीन दिन पहले जुबेर खान निवासी वर्मा कॉलोनी शिवपुरी को 1217 क्रेट टमाटर बेचे थे। एक क्रेट की कीमत करीब 400 रुपये तय हुई थी। किसान का आरोप है कि जुबेर खान ने 70 हजार रुपये का भुगतान कर दिया, जबकि शेष रकम दो-तीन दिन में देने की बात कहकर टमाटर की क्रेट रख लीं। जब अवधेश बकाया पैसे मांगने जुबेर खान के घर पहुंचा तो वहां उसके पिता बंटी खान और भाई अपैस खान ने कथित तौर पर उसके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की तथा बिना पैसे दिए घर से भगा दिया। आरोप है कि इस दौरान जुबेर के पिता ने दोबारा पैसे मांगने आने पर गोली मारकर जान से खत्म करने की धमकी दी।

पीड़ित किसान ने अब पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। अवधेश रावत ने जुबेर खान से टमाटर की शेष रकम दिलाने और जुबेर, उसके पिता व भाई के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने के आरोप में उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।