,

8 माह की गर्भवती पत्नी को भी नहीं बख्शा: पुराने विवाद में वृंदावन कोली से मारपीट, बीच-बचाव करने आई पत्नी के पेट में मारी लात, एसपी से लगाई न्याय की गुहार / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के करैरा थाना क्षेत्र के ग्राम रमगढ़ा में पुराने विवाद को लेकर मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। यहां रहने वाले 35 वर्षीय वृंदावन कोली ने गांव के रिंकी कोली और मनोज कोली पर गाली-गलौंच कर लात-घूंसों से मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, 18 नवंबर की रात करीब 10 बजे वह अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी दोनों आरोपी वहां पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौंच करने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, जिससे सिर और छाती में चोटें आईं।

बीच-बचाव करने आई 8 माह की गर्भवती पत्नी के पेट में लगी लात: वृंदावन कोली का आरोप है कि पति को बचाने के लिए उसकी पत्नी भागवती कोली मौके पर पहुंची, तभी धक्का-मुक्की के दौरान उसके पेट में लात लग गई। पीड़ित ने बताया कि उसकी पत्नी आठ माह की गर्भवती है। घटना को गांव के बृजेश कोली द्वारा देखे जाने की बात भी आवेदन में कही गई है।

पीड़ित वृंदावन कोली ने 20 नवंबर को पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर रिंकी कोली, मनोज कोली और जमुनीदास कोली पर लगातार परेशान करने तथा शराब के नशे में प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि वह पहले भी थाने में कई बार आवेदन दे चुका है, लेकिन सुनवाई नहीं हुई और एफआईआर दर्ज नहीं की गई। अब पीड़ित ने एसपी से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और अपनी गर्भवती पत्नी सहित परिवार को सुरक्षा दिलाने की मांग की है।