,

37 टीमों की 783 बेटियों के मार्च पास्ट के साथ शिवपुरी में राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य आगाज, नेहा यादव ने किया ध्वजारोहण / Shivpuri News

शिवपुरी। श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में गुरुवार को 70वीं राष्ट्रीय 17 वर्षीय बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। देश के 28 राज्यों, 8 केंद्र शासित प्रदेशों और विभिन्न शैक्षणिक बोर्डों की कुल 37 टीमों की 783 बेटियों ने रंग-बिरंगी पोशाकों में अपने-अपने राज्यों के ध्वज और तख्तियां थामकर बैंड की धुन पर शानदार मार्च पास्ट किया। सभी टीमों ने अतिथियों को सलामी देकर खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की। इस दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ भी ली।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने कहा कि शिवपुरी के लिए यह सौभाग्य की बात है कि देशभर से आईं बेटियों के माध्यम से भारत दर्शन हो रहा है। एक दिन आप अपने खेल के दम पर विश्व पटल पर भारत माता का सम्मान बढ़ाएंगी। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने खिलाड़ियों से पूरे जज्बे और अनुशासन के साथ खेलने तथा हर परिणाम को स्वीकार करने की बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक देवेंद्र जैन ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, हरवीर सिंह रघुवंशी, लवलेश जैन चीनू, गोपाल पाल, विजय शर्मा सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।

शुभारंभ समारोह में बाल शिक्षा निकेतन स्कूल के विद्यार्थियों ने ‘खेलो खेल खिलाड़ी आज, कल खुशियों का आवेगा’ गीत की प्रस्तुति दी। वहीं हैप्पीडेज स्कूल की छात्राओं ने ‘स्वागतम-स्वागतम’ और सेंट बेनेडिक्ट स्कूल की छात्राओं ने ‘शुभ स्वागतम-अथ स्वागतम’ गीत पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर तालियां बटोरीं। जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने स्वागत भाषण दिया, जबकि जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे ने आभार व्यक्त किया। मंच संचालन बीआरसी अंगद सिंह तोमर, गिरीश मिश्रा, हेमलता चौधरी और महेंद्र उपाध्याय ने किया।

शुभारंभ के साथ ही ट्रैक पर उतरीं खिलाड़ी

प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही 100 और 400 मीटर दौड़ के हीट राउंड भी आयोजित किए गए। 400 मीटर दौड़ में केरल की ईवाना टोमी ने 57.45 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल कर अगले दौर के लिए क्वालीफाई किया। वहीं 100 मीटर दौड़ में महाराष्ट्र की सावरी संदीप ने 12 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि महाराष्ट्र की पटोले क्रिषा दूसरे स्थान पर रहीं। दोनों स्पर्धाओं में कई राज्यों की खिलाड़ियों ने अगले दौर में जगह बनाई। प्रतियोगिता को लेकर खेल परिसर में उत्साह और रोमांच का माहौल देखने को मिला।