शिवपुरी। शहर के बैंक कॉलोनी स्थित अशासकीय एमिनेंट पब्लिक स्कूल में फीस जमा नहीं होने के कारण कक्षा 9वीं से 12वीं तक के कुछ विद्यार्थियों को अर्धवार्षिक परीक्षा में शामिल होने से रोकने का मामला सामने आया है। गुरुवार दोपहर स्कूल परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें अभिभावक बच्चों को परीक्षा से रोकने का विरोध करते हुए स्कूल की शिक्षिका से बहस करते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद मामला जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव के संज्ञान में पहुंचा।
जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर योजना अधिकारी रोहिणी अवस्थी के नेतृत्व में शिक्षा विभाग की टीम स्कूल पहुंची। मौके पर स्कूल संचालक और प्राचार्य मौजूद नहीं मिले, जबकि कुछ विद्यार्थी स्कूल के बाहर खड़े थे। टीम ने तत्काल विद्यार्थियों को स्कूल में प्रवेश दिलवाया और पूरे मामले की जांच करते हुए संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने स्कूल संचालक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। स्कूल प्रबंधन को समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा विभाग का कहना है कि जवाब मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
इनका कहना है
एमिनेंट स्कूल का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें विद्यालय प्रबंधन पर बच्चों को परीक्षा देने से रोकने और फीस जमा करने के लिए दबाव बनाने के आरोप सामने आए थे। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और बच्चों को तत्काल प्रवेश दिलाया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल संचालक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
रोहिणी अवस्थी योजना अधिकारी, जिला शिक्षा विभाग शिवपुरी
फीस जमा नहीं होने पर एमिनेंट स्कूल ने बच्चों को परीक्षा देने से रोका, वीडियो वायरल होते ही शिक्षा विभाग ने दिलाया प्रवेश, संचालक को नोटिस / Shivpuri News



