,

स्वामित्व योजना में लापरवाही पर प्रशासन सख्त, कोलारस के 11 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी, तीन दिन में मांगा जवाब / Shivpuri News

शिवपुरी। शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने वाले पटवारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। स्वामित्व योजना के तहत स्वामित्व अधिकार अभिलेखों से संबंधित रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर एसडीएम कोलारस शिवदयाल धाकड़ ने 11 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। सभी संबंधित पटवारियों से तीन दिवस के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार यह कार्रवाई की गई है। स्वामित्व योजना के अंतर्गत स्वामित्व अधिकार अभिलेखों से संबंधित हस्तांतरण विलेख के पंजीयन के लिए पटवारियों को निष्पादक घोषित किया गया है। लगातार निर्देश दिए जाने के बावजूद संबंधित हल्कों में स्वामित्व रजिस्ट्री की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर एसडीएम ने नोटिस जारी किए।

नोटिस पाने वाले पटवारियों में गिर्राज गुप्ता, अभिनव कुमार आर्य, आशीष गुप्ता, आकाश शर्मा, रेशमा भगत, सुरेंद्र सूर्यवंशी, राकेश उपाध्याय, अविनाश यादव, ब्रजेश कुमार पांडे, रजत कुशवाह और योगेश गर्ग शामिल हैं।

एसडीएम द्वारा जारी नोटिस में संबंधित पटवारियों की कार्यशैली को शासकीय कर्तव्यों के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं स्वेच्छाचारिता बताते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन माना गया है।

प्रशासन ने सभी संबंधित पटवारियों को तीन दिवस के भीतर उपस्थित होकर अपना लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।