,

जनसुनवाई के दौरान जहर खाकर पुलिस कंट्रोल रूम पहुंची महिला, जिला अस्पताल के ICU में भर्ती / Shivpuri News

शिवपुरी। शिवपुरी में मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक महिला के जहर खाकर पहुंचने से हड़कंप मच गया। महिला की पहचान माही उर्फ प्रियंका रावत (24) निवासी धमतालपुरा, थाना कोतवाली, जिला दतिया के रूप में हुई है। महिला ने जनसुनवाई कर रहे अधिकारियों को बताया कि उसने जहर खा लिया है। इसके बाद पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां महिला आईसीयू में भर्ती है और उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, महिला का थाना नरवर की मगरौनी चौकी क्षेत्र के ग्राम खिरिया निवासी प्रदीप रावत के साथ वैवाहिक विवाद चल रहा है। महिला ने 6 नवंबर 2026 को अपने पति प्रदीप रावत और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए थाना नरवर में मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं 74, 115(2), 296(a), 351(3), 191(2) एवं 324(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया था।

महिला का आरोप है कि मामले में नरवर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह भदौरिया द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी शिकायत को लेकर वह पुलिस जनसुनवाई में पहुंची थी। फिलहाल महिला का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है।