,

300 साल पुराने कालिया भैरो बाबा मंदिर में असामाजिक तत्वों के जमावड़े का आरोप, पुजारी ने कलेक्टर से की शिकायत / Shivpuri News

शिवपुरी। पुरानी शिवपुरी स्थित करीब 300 वर्ष पुराने कालिया भैरो बाबा मंदिर की पवित्रता और सुरक्षा को लेकर मंदिर पुजारी सरनाम सिंह यादव ने एसडीएम को आवेदन सौंपकर शिकायत की है। आवेदन में मंदिर परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास करने और जुआ, सट्टा व नशे जैसी गतिविधियों को अंजाम देने की आशंका जताई गई है।

पुजारी सरनाम सिंह यादव के अनुसार, 40 नंबर कोठी के पास स्थित प्राचीन मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना होती है। मंदिर परिसर चारों ओर से दीवार से घिरा हुआ है और दो तरफ बड़े प्रवेश द्वार बने हैं। श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मंदिर के द्वार सुबह 6 से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम 4 से रात 10 बजे तक खुले रहते हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर लंबे समय से यादव समाज की देखरेख में है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मोहल्ले के कुछ असामाजिक तत्व मंदिर परिसर में घुसकर जुआ, सट्टा और नशे का कारोबार करने का प्रयास करते हैं। परिसर में नशे के इंजेक्शन के खाली कवर भी फेंके जाते हैं, जिससे मंदिर की पवित्रता प्रभावित हो रही है।

पुजारी ने आशंका जताई है कि यदि ऐसी गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई तो मंदिर परिसर में कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने एसडीएम से मामले की जांच कर मंदिर की शांति, सुरक्षा और धार्मिक गरिमा बनाए रखने के लिए उचित कार्रवाई करने की मांग की है।