शिवपुरी जिले के भौंती थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक अजीबोगरीब मामला सामने आया। पिछले 8 से 10 दिनों से नींद नहीं आने की परेशानी से जूझ रही एक महिला रात करीब 1 बजे थाने पहुंच गई। यहां उसने पुलिसकर्मियों से अपनी शिकायत दर्ज करने की जिद करते हुए कहा कि मेरी रिपोर्ट लिखिए, अभी लिखिए।
महिला की जिद के दौरान उसने थाने में रखी हथकड़ी भी उठा ली और उसे लेकर जाने लगी। अचानक हुई इस घटना से पुलिसकर्मी सतर्क हो गए। उन्होंने महिला को शांत कराकर बैठाया और उससे बातचीत की।
महिला ने बताया कि उसे पिछले कई दिनों से नींद नहीं आ रही है। इस परेशानी को लेकर वह सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज करा चुकी है, लेकिन कोई समाधान नहीं मिलने पर वह अपनी रिपोर्ट लिखवाने थाने पहुंची थी।
महिला की स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी घनश्याम धाकड़ ने तत्काल उसके परिजनों को थाने बुलाया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला की मानसिक स्थिति में उतार-चढ़ाव रहता है और उसका इलाज चल रहा है। पहले भी वह इस तरह की असामान्य हरकतें कर चुकी है। कभी उसकी तबीयत ठीक रहती है तो कभी हालत बिगड़ जाती है।
पुलिस ने परिजनों को महिला पर ध्यान रखने और उसका इलाज जारी रखने की समझाइश दी। इसके बाद महिला को परिजनों के साथ सुरक्षित घर भेज दिया गया।
मनोचिकित्सक डॉ. योगेंद्र रघुवंशी के अनुसार, लगातार कई दिनों तक नींद नहीं आना केवल थकान या दिनचर्या बिगड़ने का मामला नहीं होता। तनाव, चिंता, अवसाद, दवाओं के प्रभाव और अन्य शारीरिक या मानसिक स्वास्थ्य संबंधी कारणों से भी ऐसी समस्या हो सकती है। लंबे समय तक नींद की कमी का असर व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता, व्यवहार और भावनात्मक संतुलन पर पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में विशेषज्ञ से जांच और उचित परामर्श जरूरी है। केवल लक्षणों के आधार पर किसी मानसिक बीमारी का निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है।
नींद नहीं आने से परेशान महिला रात 1 बजे पहुंची थाने, बोली- मेरी रिपोर्ट लिखो, सीएम हेल्पलाइन में भी कर चुकी थी शिकायत / Shivpuri News




