शिवपुरी। शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में फिजिकल थाना पुलिस ने परशुराम चौराहे पर पटाखों जैसी आवाज और चिंगारी छोड़ने वाली मॉडिफाइड होंडा स्प्लेंडर बाइक को पकड़कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, बाइक के कंपनी फिटेड साइलेंसर में विशेष मॉडिफिकेशन कराया गया था, जिससे तेज पटाखों जैसी आवाज के साथ चिंगारी निकलती थी। इसके अलावा बाइक के दोनों तरफ फुट रेस्ट के पास बड़े हॉर्न लगाए गए थे और तेज रोशनी वाली झिलमिलाती लाइट भी लगाई गई थी।
जांच के दौरान बाइक के आगे और पीछे रजिस्ट्रेशन नंबर भी अंकित नहीं मिले। वहीं, चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस और बाइक के आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे।
पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए चालक पर 4300 रुपए का समन शुल्क अधिरोपित किया। साथ ही बाइक में किए गए अवैध मॉडिफिकेशन को थाना फिजिकल में अलग करवाया गया।
पटाखों जैसी आवाज और चिंगारी छोड़ रही मॉडिफाइड बाइक पर फिजिकल पुलिस की कार्रवाई, 4300 रुपए का चालान / Shivpuri News




