शिवपुरी। जिले में फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत करैरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे 2 हजार रुपये के इनामी स्थाई वारंटी अरविंद रावत को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी अरविंद पुत्र नारायण सिंह रावत उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम आंडर, थाना करैरा के विरुद्ध न्यायालय शिवपुरी के प्रकरण क्रमांक 50/2025 एवं अपराध क्रमांक 71/2025 में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय द्वारा स्थाई वारंट जारी किया गया था। उसकी गिरफ्तारी पर 2 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन एवं एसडीओपी विनायक शुक्ला के मार्गदर्शन में फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी करैरा निरीक्षक विनोद सिंह छावई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार 12 नवंबर को आरोपी के निवास ग्राम आंडर में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक विनोद सिंह छावई, प्रधान आरक्षक डैनी कुमार, रामेश्वर पाल, आरक्षक गोविंद सिंह रावत, शैलेन्द्र विश्वकर्मा, सोनू श्रीवास्तव एवं हरेन्द्र गुर्जर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
करैरा पुलिस की कार्रवाई: NDPS एक्ट में फरार 2 हजार का इनामी स्थाई वारंटी अरविंद रावत गिरफ्तार / Shivpuri News



