शिवपुरी। जरूरतमंदों की मदद और जनसेवा की भावना का उदाहरण पेश करते हुए मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पुत्र युवराज महाआर्यमन सिंधिया ने शिवपुरी के फिजिकल क्षेत्र निवासी दिव्यांग अखबार वितरक राधे बाथम को ई-स्कूटी भेंट की है। करीब 20 वर्षों से साइकिल के सहारे घर-घर अखबार पहुंचाने वाले राधे को अब अपने काम में काफी सहूलियत मिलेगी।
दरअसल, दिव्यांग राधे बाथम लंबे समय से शारीरिक कठिनाइयों के बावजूद साइकिल से अखबार वितरण कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। उनकी परेशानी को देखते हुए युवराज महाआर्यमन सिंधिया ने उन्हें ई-स्कूटी उपलब्ध कराने की पहल की।
इस पूरी पहल में शिवपुरी के प्रिंस तोमर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने राधे बाथम और उनके परिवार तक सहायता पहुंचाने के लिए समन्वय किया। इसके बाद राधे और उनके परिवार की युवराज महाआर्यमन सिंधिया से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत भी कराई गई।
ई-स्कूटी लेने के लिए राधे बाथम अपनी दिव्यांग पत्नी कोशा बाथम और छोटी बेटी के साथ हाईवे स्थित एम्पियर शोरूम पहुंचे। यहां करीब 77 हजार रुपये कीमत की नई ई-स्कूटी उन्हें भेंट की गई। ई-स्कूटी की चाबी हाथ में आते ही राधे और उनके परिवार के चेहरे पर खुशी झलक उठी।
इस दौरान महाआर्यमन सिंधिया ने वीडियो कॉल के जरिए राधे और उनके परिवार से आत्मीय बातचीत कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि शिवपुरी आने पर वे राधे और उनके परिवार से जरूर मुलाकात करेंगे।
ई-स्कूटी मिलने पर भावुक राधे बाथम ने कहा कि अब उन्हें अखबार वितरण करने में काफी आसानी होगी और वे पहले की तरह मेहनत से घर-घर तक अखबार पहुंचा सकेंगे।
महाआर्यमन सिंधिया की इस पहल ने एक जरूरतमंद परिवार को राहत देने के साथ समाज में संवेदनशीलता और मानवीय सहयोग का संदेश भी दिया है।
20 साल से साइकिल पर अखबार बांट रहे दिव्यांग राधे बाथम को महाआर्यमन सिंधिया ने भेंट की ई-स्कूटी, चेहरे पर लौटी मुस्कान / Shivpuri News




