शिवपुरी। वन एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सतनवाड़ा वन परिक्षेत्र में करीब 130 से 140 बीघा (35 से 40 हेक्टेयर) वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है। गुरुवार 12 नवंबर को वन विभाग की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से अवैध कब्जे हटाकर जमीन को विभाग के आधिपत्य में लिया। अब इस भूमि पर वृक्षारोपण कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार वनमंडलाधिकारी सुधांशु यादव एवं उपवनमंडलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह तोमर के निर्देशन में वन परिक्षेत्राधिकारी माधव सिकरवार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। वन परिक्षेत्र सतनवाड़ा के बीट शेरगढ़ एवं खरखेड़ा अंतर्गत कक्ष क्रमांक पीएफ 919, 502 एवं 505 में वन भूमि पर अतिक्रमण किया गया था।
वन विभाग के अनुसार ग्राम भीमपुर निवासी संजीराम मोगिया, श्रीलाल मोगिया, रणवीर मोगिया, शैतान सिंह मोगिया सहित अन्य लोगों द्वारा कथित तौर पर बागड़ और टपरों के माध्यम से वन भूमि पर कब्जा किया गया था। इसके अलावा जमीन पर कंटूर ट्रेंच एवं सीपीटी खोदकर हदबंदी की जा रही थी। वन अमले ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से अवैध कब्जे हटाए और करीब 140 बीघा वन भूमि को मुक्त कराया।
बताया गया है कि संबंधित अतिक्रमणकर्ताओं के विरुद्ध पूर्व में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 659/18, दिनांक 15 नवंबर 2022 को दर्ज किया गया था। इसी प्रकरण के तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रस्तावित थी।
वन भूमि पर होगा वृक्षारोपण
अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर अब वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण कराया जाएगा। वनमंडलाधिकारी ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे वन भूमि पर किए गए अवैध कब्जे स्वेच्छा से हटाएं और वन एवं पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें। विभाग ने चेतावनी दी है कि वन भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वन अमले की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में संजीव वर्मा, सतीश मौर्य, कमल किशोर शर्मा, संदीप लिटोरिया, रघुवीर खडियार, अनिल वर्मा, शौएब खान, मनोज जाटव, कपिलदेव शर्मा, अनिल शर्मा, मिथुन सेलिया, उत्तम आदिवासी, अमृतलाल चौरसिया सहित वन विभाग के स्थायी कर्मचारियों एवं सुरक्षा श्रमिकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सतनवाड़ा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 140 बीघा वन भूमि से हटाया अतिक्रमण, जेसीबी चलाकर अवैध कब्जे हटाए, अब वन भूमि पर होगा वृक्षारोपण / Shivpuri News




