शिवपुरी। किसानों को खाद, बीज और कीटनाशक की उचित उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए कृषि विभाग ने जिले के उर्वरक प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में अनियमितताएं मिलने पर पांच खाद-बीज विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
उप संचालक कृषि एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, विकासखंड शिवपुरी की टीम ने विभिन्न उर्वरक प्रतिष्ठानों और खाद गोदामों का निरीक्षण कर स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान दुकानों में उपलब्ध खाद की मात्रा और ई-विकास पोर्टल पर दर्ज स्टॉक की स्थिति की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने इन-ट्रांजिट उर्वरक की मात्रा को तत्काल पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को खाद के लिए टोकन कटवाने में परेशानी न हो और वितरण व्यवस्था पारदर्शी बनी रहे।
जांच के दौरान नियमों के विपरीत कार्य पाए जाने पर कार्तिक बीज भण्डार (प्रो. मुन्ना धाकड़), धाकड़ खाद बीज भण्डार (प्रो. नरेंद्र धाकड़) और धाकड़ खाद बीज भण्डार (प्रो. रवि वर्मा) सहित कुल पांच विक्रेताओं को नोटिस जारी किए गए हैं।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत उनके उर्वरक विक्रय लाइसेंस निलंबित भी किए जा सकते हैं। विभाग ने खाद विक्रेताओं को नियमों का पालन करने की चेतावनी दी है।
शिवपुरी में खाद-बीज दुकानों पर कृषि विभाग का छापा, 5 विक्रेताओं को नोटिस; लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी / Shivpuri News



