,

संदिग्ध परिस्थितियों में रोहित लोधी की मौत, पिता ने राखी नाम की महिला पर जताया संदेह; एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के खनियांधाना थाना क्षेत्र के ग्राम राजनगर माजरा भरका निवासी रोहित लोधी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में उसके पिता जगन्नाथ लोधी ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पिता ने राखी नाम की महिला और घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कराने के साथ ही महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित कर उनकी जांच कराने की मांग उठाई है।

जगन्नाथ लोधी ने बताया कि उनका बेटा रोहित लोधी ड्राइवरी का काम करता था। 2 नवंबर 2026 को वह गाड़ी चलाकर घर आया और बताया कि उसके सेठ ने हिसाब नहीं किया है तथा उसे मोबाइल की किस्त जमा करनी है। इस पर पिता ने उसे 3,600 रुपये दिए। उसी दिन शाम करीब 4 बजे रोहित मोबाइल की किस्त जमा करने की बात कहकर घर से निकला था। उसने गाड़ी से जाने की बात भी कही थी, लेकिन पूरी रात घर वापस नहीं लौटा।

परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मोबाइल पर संपर्क करने पर फोन बंद आ रहा था। आवेदन के मुताबिक, 3 नवंबर की सुबह राखी नाम की महिला घर पहुंची और परिजनों को बताया कि रोहित उसके घर पर बेहोशी की हालत में पड़ा है। हालांकि, परिजन वहां पहुंचते, उससे पहले ही पुलिस रोहित को महिला के घर से अपने साथ ले गई। बाद में परिवार को उसकी मौत की जानकारी मिली।

पिता ने आरोप लगाया है कि रोहित के पास एंड्रॉयड मोबाइल, चांदी की अंगूठियां, पर्स और उसमें रखे मूल दस्तावेजों के अलावा पिता द्वारा दिए गए 3,600 रुपये भी थे, लेकिन ये सामान परिजनों को उपलब्ध नहीं हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि घटना की जानकारी मिलने पर जब वे थाने पहुंचे तो पुलिस ने उनके बयान और घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को दर्ज नहीं किया।

जगन्नाथ लोधी ने शिकायत में रोहित और राखी के बीच विवाद की रिकॉर्डिंग होने की बात भी कही है। उन्होंने मांग की है कि मोबाइल कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कराई जाए। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य जांच रिपोर्ट की जानकारी परिजनों को दी जाए और राखी सहित घटना से जुड़े सभी लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो।

पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने और जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई कर अपने बेटे को न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।