,

सुरक्षित बचपन अभियान के तहत पोहरी में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, छात्राओं को बताए गुड टच-बैड टच और साइबर सुरक्षा के अधिकार / Shivpuri News

शिवपुरी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा संचालित अखिल भारतीय जागरूकता अभियान ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के अंतर्गत 5 नवंबर 2026 को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय पोहरी में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा, साइबर अपराधों, निःशुल्क विधिक सहायता एवं बाल संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

यह शिविर प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशानुसार तथा जिला न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के सचिव कौशलेंद्र सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ खंड पोहरी सुश्री काजल नायक ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

शिविर में न्यायाधीश काजल नायक ने छात्राओं को ‘मेरा बचपन, मेरा अधिकार’ अभियान के तहत बाल संरक्षण, बच्चों के मौलिक एवं विधिक अधिकारों तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने, सम्मानपूर्वक जीवन जीने तथा शोषण एवं हिंसा से संरक्षण पाने का अधिकार है।

वहीं ‘कानून जानो, बचपन बचाओ’ अभियान के माध्यम से बाल अधिकारों और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। ‘सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित बचपन’ के तहत इंटरनेट, ऑनलाइन गेमिंग, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और डिजिटल माध्यमों पर बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से समझाया गया।

इसके साथ ही ‘बोलो, बताओ, बढ़ो एवं बोलो, बताओ, बचो’ अभियान के तहत बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों, गुड टच-बैड टच, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार या प्रताड़ना की स्थिति में बिना डर और संकोच के अपने अभिभावकों अथवा विश्वसनीय व्यक्ति को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।

न्यायाधीश ने जरूरतमंद बच्चों एवं उनके परिवारों को मिलने वाली निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक, आत्मविश्वासी और व्यक्तिगत एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर उपनिरीक्षक थाना पोहरी दिनेश कोठारी, विद्यालय के प्राचार्य भरत धाकड़, समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। शिविर के दौरान छात्राओं ने जागरूकता संवाद में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।