शिवपुरी। जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के ग्राम मुहरीकला मजरा मडचावन में पुराने जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। फरियादी महेन्द्र सिंह केवट ने गांव के ही धर्मेन्द्र केवट और संजय केवट पर गाली-गलौज कर डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में फरियादी के भाई, मां और भाभी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे महेन्द्र सिंह अपने खेत से घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव में धर्मेन्द्र केवट के घर के सामने लगे हैंडपंप के पास धर्मेन्द्र और संजय केवट मिल गए। आरोप है कि दोनों ने पुराने जमीन विवाद को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। आवाज सुनकर महेन्द्र का बड़ा भाई मेवालाल, मां कस्तूरी और भाभी सुमन मौके पर पहुंच गए।
आरोप है कि इसी दौरान धर्मेन्द्र केवट ने मेवालाल के सिर में डंडा मार दिया, जिससे उनके सिर में चोट आई और खून निकलने लगा। वहीं संजय केवट ने कस्तूरी और सुमन के साथ डंडे से मारपीट की। इसमें कस्तूरी के मुंह, हाथ और कलाई में चोटें आईं, जबकि सुमन के बाएं पैर और दोनों कोहनियों में चोट लगने की बात सामने आई है।
फरियादी के मुताबिक, घटना के समय अनुका केवट और लक्ष्मी केवट निवासी मुहरीकला भी मौजूद थीं, जिन्होंने बीच-बचाव किया। आरोप है कि जाते समय दोनों आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी।
मेवालाल को अधिक चोट आने के कारण उन्हें उपचार के लिए शासकीय अस्पताल खनियाधाना ले जाया गया। इसके बाद महेन्द्र सिंह अपनी मां और भाभी के साथ थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले में जांच एवं वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
पुराने जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट, भाई के सिर में डंडा मारकर किया घायल; मां और भाभी से भी मारपीट, जान से मारने की धमकी देने का आरोप / Shivpuri News



