,

कोर्ट रोड के ठेले वालों को 10 नवंबर तक मिली छूट, दीपावली तक लगा सकेंगे ठेले; विधायक देवेंद्र जैन ने दी राहत / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के कोर्ट रोड पर ठेले लगाकर अपना रोजगार चलाने वाले छोटे व्यापारियों को दीपावली के त्योहार को देखते हुए 10 नवंबर तक अस्थायी राहत दी गई है। अब ठेले वाले 10 नवंबर तक कोर्ट रोड पर अपने ठेले लगा सकेंगे। इस निर्णय से ठेले संचालकों में खुशी की लहर है।

जानकारी के अनुसार, आज बड़ी संख्या में ठेले वाले अपनी मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। ठेले संचालकों ने त्योहार के मद्देनजर कोर्ट रोड पर ठेले लगाने की अनुमति दिए जाने की मांग रखी। इस दौरान विधायक देवेंद्र जैन ने उन्हें जानकारी देते हुए बताया कि दीपावली के त्योहार को देखते हुए 10 नवंबर तक ठेले लगाने की छूट दी गई है।

विधायक देवेंद्र जैन ने स्पष्ट किया कि 10 नवंबर के बाद ठेले वालों को कोर्ट रोड से अपने ठेले हटाने होंगे। इसके बाद प्रशासन की ओर से उन्हें अन्य स्थान पर जगह उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उनके रोजगार पर असर न पड़े।

त्योहार के मद्देनजर मिली इस अस्थायी राहत से ठेले संचालकों ने खुशी जताई है। हालांकि 10 नवंबर के बाद ठेले वालों को निर्धारित वैकल्पिक स्थान पर शिफ्ट करने की व्यवस्था प्रशासन को करनी होगी।